Home > अपना शहर ,
धमाके के बाद 23 लाख की कार खाक

ग्वालियर | सिटी सेंटर के पास सड़क पर दौड़ती कार में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि चंद मिनट में पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। कार चला रहे युवक ने गेट लॉक होने पर कांच तोड़कर अपनी जान बचाई। स्थानीय लोगों ने कार में लगी आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। कार जलने का वीडियो सामने आया है।

शहर के सचिन तेंदुलकर मार्ग स्थित पॉश टाउनशिप निवासी सतीश पाराशर बुधवार सुबह अपनी 23 लाख रुपए की SUV (स्कोडा येती) नंबर RJ14 CX-9937 से किसी काम से निकले थे। सतीश घर से कुछ दूर स्थित मामा माणिकचंद पत्रकार कॉलोनी के गेट पर पहुंचे थे कि अचानक धमाके के बाद कार में आग लग गई।

चंद सेकेंड में आग पूरी गाड़ी में फैल गई। सतीश ने बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन गेट ऑटोमैटिक लॉक हो गया। इस पर उन्होंने अंदर से कांच फोड़ा और कार का गेट बाहर से खोलकर बाहर निकले। समय रहते वह बाहर नहीं आते तो वे भी आग की चपेट में आ जाते।

वहीं, सड़क पर खड़ी कार में आग लगते देख वहां से निकल रहे लोगों ने मिट्‌टी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद फायर ब्रिगेड को मामले की सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।

1 महीने में जलीं 6 कार
सड़क पर दौड़ती कार में आग लगने का यह कोई पहला मामला नहीं है। बीते एक महीने में 6 कार शहर की सड़कों पर अचानक आग लगने की शिकार हुई है। सभी पेट्रोल गाड़ियां थीं।

Share This News :