Home > अपना शहर ,
भू-अभिलेख शुद्धिकरण अभियान के लक्ष्य को हर-हाल में किया जाये प्राप्त - कलेक्टर

बड़वानी |शासन के निर्देशानुसार जिले में भी भू-अभिलेख शुद्धिकरण अभियान चलाया जायेगा। इस अभियान के तहत फौती-नामांतरण, भू-स्वामी नाम सुधार, खसरा-रकबा एवं नक्शा संबंधित त्रुटियों का सुधार, व्यपवर्तन डाटा इन्ट्री, डाटा परिमार्जन, खसरा क्षेत्रफल सुधार, रिक्त भूमि स्वामी, सक्रिय मूल एवं बटांक खसरा, मिसिंग खसरा, भूमि प्रकार एवं भूमि स्वामी प्रकार संशोधन, अल्फा न्यूमेरिक खसरा, नक्शा तरमीम जैसे कार्य अभियान चलाकर किये जायेंगे।
   कलेक्टर श्री शिवराजसिंह वर्मा ने जिले के समस्त राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे शासन के निर्देशानुसार  1 से 15 नवम्बर तक चलने वाले इस अभियान की समस्त तैयारिया पूर्व से ही कर ले। जिससे अभियान के लक्ष्य को हर-हाल में प्राप्त किया जा सके। उन्होने बताया कि अभियान के पश्चात समस्त राजस्व अधिकारियों से प्रमाण पत्र भी लिया जायेगा कि उनके प्रभार के क्षेत्र के राजस्व रेकार्ड में उक्त सुधार कर लिया गया है। अब और सुधार का कोई प्रकरण शेष नहीं है।
   कलेक्टर ने बताया कि इस अभियान के पश्चात यदि किसी का फौती-नामांतरण या अन्य कोई राजस्व सुधार कार्य शेष रहता है तो वह सीधे कलेक्टर को इसकी जानकारी दे सकता है।

Share This News :