Home > अपना शहर ,
भू-अभिलेख शुद्धिकरण पखवाड़ा एक नवम्बर से 15 नवम्बर तक मनाया जाएगा: सक्सेना

  मध्यप्रदेश शासन द्वारा भू-अभिलेख शुद्धिकरण पखवाड़ा मनाया जाएगा। यह पखवाड़ा एक नवम्बर से 15 नवम्बर तक चलेगा। इस दौरान भू-अभिलेखों की अशुद्धियों को सुधारा जायेगा। इस संबंध में आज आयुक्त भू-प्रबंधन कार्यालय द्वारा ग्वालियर एवं चंबल संभागों के राजस्व अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया। इस अवसर पर ग्वालियर एवं चंबल संभाग के आयुक्त श्री आशीष सक्सेना, दोनों संभागों के कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार मौजूद थे।
   संभागीय आयुक्त श्री सक्सेना ने कहा कि पखवाड़े के दौरान दोनों संभागों के जिस जिले में सबसे अच्छा कार्य किया जाएगा, उस जिले को विशेष पुरस्कार से पुरस्कृत किया जाएगा तथा उन अधिकारियों के गोपनीय प्रतिवेदन में इस कार्य को अंकित किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान भू-अभिलेखों में पाई जाने वाली सभी त्रुटियों में सुधार करें। उन्होंने कहा कि प्रारंभ में प्रत्येक तहसील का एक-एक गाँव लिया जाए। इन गाँवों में भू-अभिलेखों की त्रुटियों में पूरी तरह सुधार कार्य करें, जिससे कार्य अच्छी प्रकार से समझ में आ जाएगा और दोनों संभागों की सभी तहसीलों में बेहतर ढंग से कार्य हो सकेगा। प्रशिक्षण में नामांतरण, बटवारा, सीमांकन, खसरा, क्षेत्र फल, फौती नामांतरण, मिसिंग खसरा, बटांकन, भूमि स्वामी, भूमि का प्रकार, डायवर्सन, खसरा बी-1 तथा नक्शा में संभावित त्रुटियों एवं उनके सुधार के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

Share This News :