ग्वालियर और बुंदेलखंड बेल्ट में तेज बारिश-ओलों का अलर्ट
मध्य प्रदेश में दो दिन से बादल-बारिश का मौसम अगले दो दिन और रह सकता है। मौसम वैज्ञानिक वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि अगले 5 से 6 घंटे में प्रदेश भर में कहीं-कहीं भारी बारिश और ओले गिर सकते हैं। ज्यादा असर भोपाल के अलावा ग्वालियर और बुंदेलखंड बेल्ट में रहेगा। 12 जनवरी तक प्रदेश में इसी तरह मौसम रहने की संभावना है। पाकिस्तान से आई नमी भरी हवाओं का दूसरा सिस्टम एक्टिव होने से यह स्थिति बनी है।
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि पोस्ट मानसून के बाद अब तक यह सबसे स्ट्रांग सिस्टम है। इसी कारण प्रदेश भर में ज्यादा पानी गिर रहा है। इसका सबसे ज्यादा असर भोपाल, ग्वालियर और बुंदेलखंड पर पड़ रहा है। इसी कारण इन इलाकों में ज्यादा पानी गिर रहा है। रतलाम के ग्रामीण इलाके तीतरी, कलोरी, सेमलिया, नेगडदा, बांगरोद, जड़वासा और सरसी गांव में ओले गिरे हैं। अशोक नगर के शाढ़ौरा क्षेत्र में भी शुक्रवार रात बारिश के साथ चने के आकार के ओले गिरे।