Homeराज्यो से ,प्रमुख खबरे,slider news,
अनुराग ठाकुर बोले-यदि कोई देश के अंदर और बाहर भ्रम फैलाता है, देश को तोड़ने का प्रयास करता है तो सख्त एक्शन लिया जाएगा

शनिवार को ग्वालियर आए केन्द्रीय खेल एवं युवा मामले तथा सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने पहले BSF में हुई दीक्षांत परेड में  भाग लिया और लौटते समय रेसकोर्स रोड पर LNIPE में पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि अगर कोई देश या देश के बाहर भय, भ्रम या अफवाह फैलाता है या देश को तोड़ने का प्रयास करता है तो उनके खिलाफ सूचना प्रसारण मंत्रालय सख्त कार्रवाई करेगा।

उनके मुताबिक सूचना प्रसारण मंत्रालय ने पाकिस्तान से चलने वाले कुल 22 वेब पोर्टल और चैनलों को बंद किया गया है। आगे भी कोई अगर देश तोड़ने का एजेंडा चलाएगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सीमा सुरक्षा बल अकादमी पहुंचे थे केन्द्रीय मंत्री ठाकुर
ग्वालियर के टेकनपुर स्थित BSF (सीमा सुरक्षा बल अकादमी) में शनिवार को सहायक कमांडेंट (विभागीय) क्रमांक-13 का भव्य दीक्षांत परेड समारोह, अकादमी टेकनपुर के वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई परेड स्थल में किया गया। इस परेड में 3 महिला प्रशिक्षु अधिकारी सहित कुल 78 प्रशिक्षु अधिकारियों ने मुख्य अतिथि अनुराग ठाकुर, केन्द्रीय खेल एवं युवा मामले तथा सूचना एवं प्रसारण मंत्री के समक्ष एक शानदार परेड का प्रदर्शन किया। परेड का प्रारम्भ मार्कर के परेड ग्राउण्ड पर आने से शुरू हुआ। परेड ने वीरांगना लक्ष्मीबाई परेड स्थल पर सुसज्जित होकर पहले अकादमी के संयुक्त निदेशक जे एस ऑबराय, वीएसएम. महानिरीक्षक एवं मुख्य प्रशिक्षक तथा अपर महानिदेशक, सीमा सुरक्षा बल अकादमी पी वी रामा शास्त्री, IPS को सलामी दी। उसके बाद सीमा सुरक्षा बल के महानिदेशक पंकज कुमार सिंह को परेड द्वारा सलामी दी गई। मुख्य अतिथि अनुराग ठाकुर ने पहले शहीद स्मारक, अजेय प्रहरी पर जाकर पुष्पचक्र एवं श्रद्धांजलि अर्पित की।

उसके उपरान्त मुख्य अतिथि,सीमा सुरक्षा बल के अश्वरोही दल की अगवानी में परेड स्थल पर पहुंचे और वहां परेड की सलामी ली, तत्पश्चात् सुसज्जित परेड का निरीक्षण किया। तदोपरान्त,परेड कमाण्डर प्रशिक्षु अधिकारी अजीत कुमार सिंह तथा सभी प्रशिक्षु अधिकारियों ने मुख्य अतिथि अनुराग ठाकुर के समक्ष देश के संविधान के प्रति एकता, अखण्डता व सम्प्रभुता को बनाये रखने के लिये अपने आपको समर्पित करने की शपथ ली। इसके बाद केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ग्वालियर आए और यहां LNIPE में निरीक्षण किया। यहां उन्होंने सभी मुद्दों पर मीडिया के सवालों के जवाब दिए हैं।
आपके हाथों में राष्ट्र सुरक्षित है
मुख्य अतिथि ने युवा अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज आपका स्मार्ट टर्न आऊट, निपुण ड्रिल एवं जोश इस अकादमी में प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त किए आपके उच्च दर्जे के व्यावहारिक प्रशिक्षण, सक्षमता, आत्मविश्वास को जाहिर करता है। आपके द्वारा प्राप्त किए गए प्रशिक्षण को देखकर मैं पूर्णरूपेण आश्वस्त हूँ कि आप लोगों के हाथों में सीमा सुरक्षा बल का भविष्य पूरी तरह सुरक्षित है। मुझे यकीन है कि आप अपनी लगन, समर्पण एवं कठोर परिश्रम की बदौलत न सिर्फ सीमा सुरक्षा बल का, वरन् भारतवर्ष का नाम दुनिया में रोशन करेगें।आपने आज अपने आपको राष्ट्र को समर्पित कर दिया है।
पांच राज्यों में सिर्फ BJP की ही जीत होगी
आगामी पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव में बीजेपी की जीत का दावा किया है, अनुराग ठाकुर ने कहा कि बीजेपी तैयार है। हम एक बार फिर चुनाव में कमल खिलाएंगे। हम पहले से भी ज्यादा मेहनत करके मोदी जी के नेतृत्व में जिस तरह से देश में सरकार बनी है। वैसे ही 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव में अच्छा करेंगे।

Share This News :