Home > अपना शहर ,
आक्सीजन टैंकरों का डाटा तैयार कर रहा है परिवहन विभाग

ग्वालियर । कोरोना संक्रमण की रफ्तार को देखते हुए परिवहन विभाग ने भी आक्सीजन टैंकरों के परिवहन की तैयारी शुरू कर दी है। प्रदेश में टैंकरों का सुरक्षित परिवहन हो सके, उसके लिए अधिकारी व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जा रही है। टैंकरों का डाटा भी तैयार किया जा रहा है। यदि आक्सीजन के परिवहन की जरूरत पड़ती है तो विभाग तत्काल उपलब्ध करा सके। क्योंकि पिछले कोरोना काल में टैंकरों का डाटा न होने से आक्सीजन का परिवहन करने में मुश्किल हुई थी।कोरोना की दूसरी लहर में बड़ी मात्रा में आक्सीजन की जरूरत पड़ी थी। हवाई मार्ग से टैंकरों का परिवहन करना पड़ा था। सड़क मार्ग से भी आक्सीजन टैंकर मंगाए गए। दूसरी लहर खत्म होने के बाद विभाग ने तीसरी लहर को लेकर तैयारी शुरू कर दी थी। टैंकर चालकों को इंदौर के आइटीआइ संस्थान में ट्रेनिंग दी गई थी। टैंकर चालकों का पूल तैयार किया गया है। आपात स्थिति में टैंकर कहीं खड़ा न हो। हवाई मार्ग से परिवहन होने वाले टैंकरों का अलग से डाटा संरक्षित किया है। टैंकरों में जीपीएस व व्हीकल ट्रेकिंग डिवाइस लगवाए हैं, जिससे टैंकर की लोकेशन की स्थिति स्पष्ट रहे। चालकों को टैकरों के मेंटेनेंस का भी प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इसके अलावा टैंकरों के संचालन के लिए अतिरिक्त चालकों की व्यवस्था की गई है। अपर आयुक्त परिवहन अरविंद सक्सेना का कहना है कि अभी आक्सीजन को लेकर आपात स्थिति नहीं है, लेकिन आक्सीजन टैंकरों के परिवहन के लिए पूरी तैयारी है।

Share This News :