Home > अपना शहर ,
ग्वालियर के 5 वार्डों में सबसे ज्यादा संक्रमण

यदि आप ग्वालियर के वार्ड नंबर- 18, 29, 30, 58 और 60 में रहते हैं तो सावधान रहिए, क्योंकि इन वार्डों को कोरोना संक्रमण ने पूरी तरह अपनी गिरफ्त में ले लिया है। इन वार्ड के अंदर सिटी सेंटर, न्यूर सिटी सेंटर, बलवंत नगर, थाटीपुर, डीडी नगर, गोविंदपुरी, डीबी सिटी, सचिन तेंदुलकर मार्ग जैसे पॉश इलाके आते हैं।

ग्वालियर में अभी तक 2622 संक्रमित मिल चुके हैं। कुल संक्रमित में से 25 फीसदी संक्रमित इन पांच वार्ड में ही मिल चुके हैं। शेष जिले के अन्य 61 वार्ड में ट्रैस किए गए हैं। इसलिए यह वार्ड रेड जोन में हैं। यहां मास्क को लेकर भी सख्ती बरती जा रही है। साथ ही इन्हीं रेड जोन एरिया में सबसे ज्यादा कंटेनमेँट जोन बनाए गए हैं। इसके अलावा सबसे कम संक्रमण वाले वार्ड 27, 66 व 65 हैं।

पहली, दूसरी अब तीसरी लहर में बने हुए हैं हॉट स्पॉट
ग्वालियर में वार्ड नंबर-18, 29, 30, 58 और 60 के पॉश इलाके तीसरी लहर के 15 दिन में हॉट स्पॉट बने हैं। करीब 650 कोविड संक्रमित पेशेंट इन पांच इलाकों से आए हैं। कोरोना की तीसरी लहर की चपेट में पॉश इलाके हैं। पॉश इलाकों में रहने वाले लोग सर्वाधिक कोरोना की चपेट में आ रहे हैं। तीसरी लहर में सबसे अधिक मामले उन्हीं वार्डो में सामने आ रहे हैं जहां पहली और दूसरी लहर में लोग संक्रमित हुए थे। तीसरी लहर में भी सर्वाधिक मध्यमवर्गीय एवं उच्च आय वर्ग के लोग शामिल हैं, जबकि कम आय या निम्न वर्गीय को अभी तक बहुत ही कम कोरोना हुआ है।

तीसरी लहर में होम आइसोलेशन से राहत
कोविड की पहली और दूसरी लहर ने शहर को झकझोर के रख दिया था। हालात यह थे कि मुक्तिधाम में कोरोना पॉजिटिव की मौत के बाद अंतिम संस्कार के लिए 4 से 5 घंटे की वेटिंग चल रही थी। पर अब तीसरी लहर में संक्रमण दर काफी तेज है, लेकिन मौत का रेसियों लगभग न के बराबर है। तीसरी लहर में इस बार कोरोना बहुत तेजी से फैल रहा है लेकिन राहत यह है कि लोग दूसरी लहर की तरह गंभीर बीमार नहीं हो रहे। अभी तक 15 दिन में 2622 संक्रमित ग्वालियर में मिल चुके हैं। इनमें से सिर्फ 5 प्रतिशत ही अस्पताल में भर्ती किए गए हैं। शेष को होम आइसोलेशन में रखा गया है। 8 से 10 दिन होम आइसोलेशन में गुजारने के बाद लोग स्वस्थ्य होकर डिस्चार्ज हो रहे हैं।

रेड जोन में हैं एसपी ऑफिस, कलेक्ट्रेट, हाईकोर्ट
जो पांच टॉप वार्ड हैं, यह पॉश इलाके हैं। यहां मल्टी, ऑफिस व मार्केट हैं। यह व्यवसायिक एरिया भी है। जैसे, 14 दिन में यहां 631 से ज्यादा संक्रमित मिल चुके हैं। क्योंकि इन रेडजोन एरिया में एसपी ऑफिस, कलेक्ट्रेट, हाईकोर्ट, नगर निगम, स्वास्थ्य प्रबंधन संस्थान, सभी वीआईपी बंगलो आते हैं। इन्हीं विभागों में सबसे ज्यादा संक्रमित अभी मिल रहे हैं। जैसे एसपी ऑफिस में अभी तक 35 से ज्यादा संक्रमित मिल चुके हैं। हाईकोर्ट में एक दिन पहले ही 12 संक्रमित मिले थे।
14 दिन में शहर के टॉप 10 वार्ड के हालात

  • वार्ड क्षेत्र संक्रमित
  1. 60 सनवैली, डीबी सिटी, न्यू सिटी सेंटर, कलेक्ट्रेट 147
  2. 18 दीनदयाल नगर, शताब्दीपुरम, आदित्यपुरम 145
  3. 29 गोविंदपुरी, न्यू गोविंदपुरी, दर्पण कालोनी 131
  4. 30 सिटी सेंटर, बलबंत नगर, सचिन तेंदुलकर, पटेल नगर 117
  5. 58 बसंत विहार, महाराणा प्रताप नगर, माधवनगर 92
  6. 21 गोले का मंदिर, रणधीर कॉलोनी 84
  7. 25 सीपी कालोनी, हरिओम नगर, रिवर व्यू कॉलोनी 74
  8. 01 बहोड़ापुर, आंनद नगर, बहोड़ापुर तिराहा, सागरताल 72
  9. 03 विनय नगर सेक्टर 1,2,3,4, उरवाई गेट 70
  10. 32 द्वारिकापुरी, गांधी नगर, पड़ाव 63

Share This News :