चाट खाने से लोग हुए बीमार, दो गांव के लोग पहुंचे अस्पताल
ग्वालियर |आलू भल्ला,पानी पुरी,चाट खाने बच्चे और बड़ों को मिलाकर 70 लोग बीती रात बीमार हो गए। जिन्हें उल्टी,दस्त की शिकायत थी। जिसके चलते उन्हें मोहना अस्पताल में भर्ती कर इलाज दिया गया। एक 15 साल के बच्चे अतुल को जयारोग्य अस्पताल भेजा गया था । इन सभी की हालत में सुधार होने पर उन्हें सुबह के समय घर पहुंचा दिया गया। उम्मेदगढ़ में मोहना से शिवहरे चाट भंडार वाला ठेला लगाने पहुंचा था। उसका मोहना पुलिस ने ठेला थाने में रखवा दिया और खाद्य विभाग की टीम को फूड सैंपलिंग के लिए सूचित भी किया। लेकिन मंगलवार को फूड सैंपल लेने के लिए खाद्य विभाग की टीम मोहना नहीं पहुंची थी।
उम्मेदगढ़ (आदिवसीपुरा) में मोहना से एक युवक चाट,आलू की टिक्की, पानी पुरी बेचने के लिए पिछले तीन माह से जा रहा था। सोमवार की शाम को भी वह चाट बेचने के लिए पहुंचा। जहां पर बच्चों व बड़ों ने सभी ने चाट,आलू भल्ला व पानी पुरी खाई। रात करीब 8 बजे से इन लोगों को उल्टी,दस्त की शिकायत होने लगी। जिसकी सूचना गांव वालों ने रात 10 बजे डायल 100 पर दी। सूचना पुलिस के पास पहुंचते ही थाना प्रभारी प्रशांत शर्मा गांव में पहुंचे तो वहां की स्थिति देख सूचना स्वास्थ्य विभाग को दे दी। जिसके बाद घाटीगांव एंबुलेंस उम्मेदगढ़ भेजी गई। जहां से कुछ लोग एंबुलेंस में और कुछ निजी वाहन व पुलिस के वाहन से मोहना स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। जहां पर पहले से ही डा. रवि शर्मा, और डा. संजीव नरवरिया तैयार थे। मरीजों के पहुंचते ही उन्हें भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया। दो लोगों को उल्टी व दस्त की शिकायत अधिक होने से उन्हें जेएएच के लिए रैफर भी किया गया। पर वह जेएएच जाने के लिए तैयार नहीं हुए तो उनका इलाज मोहना अस्पताल में ही दिया गया। अस्पताल में कुल 44 लोगों को इलाज दिया गया जिसमें एक साल का बच्चे से लेकर महिला पुरुष और 60 साल का बुजुर्ग भी शामिल था। इधर पाटई के पास शेखरा गांव में भी चाट खाने से करीब 20 से 25 लोगाें को उल्टी दस्त की शिकायत हुई। लेकिन इन्हें स्थानीय स्तर पर इलाज मिलने से अस्पताल जाने की आवश्यकता नहीं पड़ी। लेकिन शेखरा गांव की आशा कार्यकर्ता रामरती रावत का 15 साल का नाति अतुल को उल्टी व दस्त बंद न होने पर जेएएच लेकर पहुंचे। जहां पर उनका इलाज चला और मंगलवार की सुबह उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। अब यह सभी लोग अपने गांव में हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दिन में गांव पहुंचकर दवा व ओआरएस का घोल का वितरण भी किया।