सफाई व्यवस्था ; 450 टिपर वाहनों में लगे जीपीएस
ग्वालियर |स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए नगर निगम ने टिपर वाहनों के लिए रूट चार्ट तैयार किया है। इसके साथ ही इन वाहनों की मानीटरिंग एवं डीजल चोरी को रोकने के लिए 450 वाहनों में जीपीएस सिस्टम लगाए गए हैं। इनमें से करीब आधा सैकड़ा टिपर एवं भारी वाहनाें के जीपीएस सिस्टम में बार-बार खराबी की शिकायत आ रही है। निगम के अधिकारियों का अनुमान है कि इन जीपीएस सिस्टम के साथ ड्राइवर छेड़खानी कर रहे हैं। जिसके कारण जीपीएस बार-बार बंद हो रहे हैं। नगर निगम एक सप्ताह के अंदर इन सभी जीपीएस सिस्टम को कंट्रोल कमांड सेंटर से जोड़कर कचरा संग्रहण के लिए निर्धारित किए गए रूटों पर वाहनों की मानीटरिंग प्रारंभ कर देगी।
वर्कशॉप प्रभारी शैलेन्द्र सक्सेना ने बताया कि नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल ने 66 वार्डो के प्रत्येक घर से कचरा संग्रहण करने की योजना बनाई है। इसके लिए उन्होंने टिपर वाहनाें की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया था। इन वाहनाें की संख्या 200 के पार पहुंच चुकी है, लेकिन इसके बाद भी कई स्थानाें से लगातार शिकायतें आ रही थीं कि टिपर वाहन समय पर नहीं पहुंच रहा है। साथ ही कई क्षेत्रों में टिपर वाहनों के नहीं आने की सूचनाएं भी मिल रही थीं। वहीं पूर्व पार्षद, विधायक भी लगातार टिपर वाहनों के नहीं आने की शिकायत कर रहे थे। इसके चलते निगम के सभी वाहनों में जीपीएस सिस्टम लगाने का निर्देश दिया गया था। इसके चलते 450 वाहनाें में जीपीएस सिस्टम लगाया जा चुका है।नगर निगम ने इस बार सभी वाहनों में जीपीएस सिस्टम लगाए हैं, इनमें सफाई कार्य से जुड़े, टिपर , डंपर, जेसीबी, पोकलेन, फायर बिग्रेड, पार्क विभाग, जनकार्य आदि के वाहनों को लिया गया है।नगर निगम ने वार्डो में सफाई व्यवस्था पर निगरानी रखने के लिए अपर आयुक्त स्वास्थ्य के कक्ष के पास ही कंट्रोल कमांड सेंटर बनाया है। यहां पर जितने भी वाहन हैं उनके आइडी को कंप्युटर से जोड़ दिया गया है। वहीं वाहनों की बैटरी से जीपीएस के बंद चालू होने का सिस्टम जोड़ा गया है। गाड़ी की बैटरी चालू होते ही जीपीएस सिस्टम कार्य करने लगता है। इसके बाद वाहन जहां भी जाएगा उसकी पूरी जानकारी कंट्रोल कमांड सेंटर में आ जाएगी।