पहला अबूझ विवाह मुहूर्त 5 फरवरी काे, बसंत पंचमी पर गूंजेंगी शहनाईयां
इस वर्ष का पहला अबूझ विवाह मुहूर्त बसंत पंचमी के दिन 5 फरवरी को रहेगा। विवाह एक मांगलिक कार्य है और विवाह शुभ मुहूर्त में ही करना चाहिए। हालांकि कुछ विवाह मुहूर्त ऐसे भी आते हैं, जिस दिन विवाह जैसे शुभ कार्यों के लिए किसी भी मुहूर्त के विचार की आवश्यकता नही होती। इस वर्ष विवाह के सात अबूझ मुहूर्त रहेंगे। जिसमें पहला अबूझ मुहूर्त बसंत पंचमी 5 फरवरी को और बाकी के मुहूर्त फुलेरा दोज 4 मार्च , अक्षय तृतीया 3 मई, पीपल पूर्णिमा 16 मई, गंगा दशमी 9 जून, भड़य्या नवमी 8 जुलाई, देव उठनी एकादशी 4 नवंबर पर रहेंगे।
बसंत पंचमी तिथि मुहूर्तः शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि 5 फरवरी शनिवार को सुबह 3:47 बजे से शुरु होगी, जो अगले दिन 6 फरवरी रविवार को सुबह 3:46 बजे पर समाप्त होगी। बसंत पंचमी पूजन का मुहूर्त सुबह 7:7 बजे से लेकर दोपहर 12:35 बजे तक रहेगा।
बसंत पंचमी से करें शुभ कार्यों की शुरुआतः इस बार बसंत पंचमी पर शुक्र और गुरु ग्रह उदय रहने से विवाह मुहूर्त में रुकावट नहीं होगी। पिछले साल शुक्र अस्त होने के कारण बसंत पंचमी पर शादियों का मुहूर्त नहीं था।
इस दिन उपनयन संस्कार, मुंडन, कन-छेदन कर सकते हैं। सगाई या विवाह कर सकते हैं। इसके अलावा इस दिन नया कारोबार शुरू कर सकते हैं। गृह प्रवेश कर सकते हैं, मकान की नींव डाल सकते हैं। नया वाहन, बर्तन, सोना, घर, नए वस्त्र, आभूषण, वाद्य यंत्र, आदि खरीदने के लिए बसंत पंचमी शुभ दिन है। किसी नए कोर्स में एडमिशन लेने के लिए, विदेश जाने के लिए आवेदन देने के लिए या संबंधित परीक्षा देने के लिए शुभ दिन माना जाता है।