Home > अपना शहर ,
सॉल्वर से परीक्षा दिलाकर CRPF में नौकरी लगवाने का लेता था ठेका, अब पकड़ा गया

ग्वालियर में फोर्स में नौकरी लगवाने का ठेका लेने वाले जालसाज को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पनिहार थाना पुलिस के हत्थे यह शातिर दलाल लगा है। इस पर पहले से ही पांच हजार रुपए का इनाम घोषित था। उसे पकड़ने के लिए पुलिस ने 15 दिन मशक्कत की थी, जिसके बाद वह पकड़ा गया है। पकड़ा गया दलाल CRPF सहित अन्य फोर्स में सॉल्वर बैठाकर नौकरी लगवाने का ठेका लेता था। अब पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि इस रैकेट में उसके साथ कौन-कौन शामिल थे। अभी तक वह कितने लोगों की नौकरी लगवा चुका है। जिनकी नौकरी धोखाधड़ी कर लगवाई है वह कौन लोग हैं।
पनिहार पुलिस ने CRPF में फर्जी छात्र बैठाकर नौकरी लगवाने वाले एक ठेकेदार इंद्रजीत सिंह उर्फ योगेन्द्र सिंह पुत्र नबाव सिंह निवासी टिकटोली किराइच का पुरा को पकड़ा है। पुलिस को सूचना मिली थी कि इन्द्रजीत सिंह पनिहार में CRPF कैंप के पास किसी को ठगने वाला है। इस पर पुलिस ने उसकी घेराबंदी कर दी, जैसे ही वह CRPF कैंप के पास पहुंचा तो पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इन्द्रजीत रुपए लेकर दूसरे युवकों से लिखित और फिजीकल कराकर नौकरी लगवाता था। इस पर पुलिस कप्तान ने पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।
ऐसे आया था मामला पकड़ में
बताया गया है कि आरोपी ने विष्णु और चरण सिंह नामक युवकों के स्थान पर लिखित परीक्षा दिलवाई थी। पर फिजीकल के लिए वह स्वयं पहुंचे थे तो थम्ब इम्प्रेशन मिस मैच हुआ और उन्हें पकड़कर पूछताछ की तो उन्होंने इंद्रजीत का नाम सामने आया था। इसके बाद से ही उसकी तलाश की जा रही थी।
दो से पांच लाख रुपए में लेता था ठेका
पुलिस अफसरों ने बताया कि सीआरपीएफ में नौकरी लगवाने के लिए आरोपी दो से पांच लाख रुपए का ठेका लेता था और लिखित परीक्षा के लिए अलग सॉल्वर और फिजीकल परीक्षा के लिए अलग सॉल्वर का इस्तेमाल करता था। पुलिस अफसर पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर पता लगा रहे हैं कि अभी तक उसने कितने लोगों की नौकरी लगवाई है और उसके साथ इस फर्जीवाड़े में और कौन शामिल है।
पुलिस का कहना
 इस मामले में एसएसपी अमित सांघी का कहना है कि सीआरपीएफ में नौकरी लगवाने वाले एक ठेकेदार को पनिहार थाना पुलिस ने हिरासत में लिया है। पकड़े गए आरोपी पर पांच हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस अब उससे पूछताछ कर उसके साथ शामिल अन्य ठगों का पता लगाने में जुटी हुई है

Share This News :