26 जनवरी से तीन दिन पहले हाइअलर्टः डॉग व बम स्क्वाड ने बाड़ा व स्टेशन पर पड़ताल की
ग्वालियर । एहतियात के तौर पर गणतंत्र दिवस से तीन दिन पहले शहर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। बम विस्फोटक पदार्थों का पता लगाने में एक्सपर्ट डॉग के साथ बम निरोधक दस्ते ने रविवार को महाराज बाड़ा, रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड पर पड़ताल की। निरीक्षण के दौरान दस्ते को कुछ नही मिला है। एसएसपी अमित सांघी के निर्देश पर शहर के प्रवेश मार्गों की निगरानी के साथ शहर में वाहन चेकिंग बढ़ा दी गई है। पुलिस ने रात्रि गश्त में वृद्धि की है। इसके अलावा संवेदनशील स्थानों पर नजर रखी जा रही है।
बीडीएस टीम ने मोर्चा संभालाः बीडीएस प्रभारी निरीक्षक अजय पाराशर के नेतृत्व में टीम सबसे पहले महाराज बाड़े पर पहुंची। दस्ते के साथ मौजूद डॉग ने फुटपाथी दुकानों का सामान सूंघकर विस्फोट सामग्री का पता लगाने का प्रयास किया। इसके अलावा पार्किंग में खड़े वाहनों को चेक किया। उसके बाद यह टीम स्टेशन पहुंची। टीम ने पार्सल आफिस के साथ यात्रियों के सूटकेस व बैग उपकरणों के माध्यम से चेक किए।