सरदार के भेष में निकले चोर
ग्वालियर में जो काम पुलिस नहीं कर पाई वो एक महिला ने कर दिखाया। महिला ने घरों में सरदार के भेष में पहुंचकर चाबी बनाने के बहाने नकदी-गहने चोरी करने वाले गिरोह को पकड़कर पुलिस को सौंपा है। बीते दो साल से पुलिस इस गिरोह के पीछे लगी थी, लेकिन कोई क्लू नहीं मिल रहा था। यह कारनामा झांसी रोड नाका चन्द्रवदनी में रहने वाली तारा देवी ने कर दिखाया है। महिला ने लॉक सही कराने के लिए दो सरदार भेष में निकले चाबी वालों को बुलाया था। दोनों युवकों ने काफी देर तक लॉक में ठोका पीटी की फिर चाबी लॉक के अंदर तोड़कर फंसा दी। जिसे बाद में आकर ठीक करने के लिए कहा। इस दौरान उन्होंने अलमारी से नकदी, गहने निकाल लिए थे। पर महिला को संदेह हो गया। इस पर वह अभी ठीक करने पर अड़ गई। खुद को फंसता देख दोनों युवक भागे, लेकिन महिला ने शोर मचाकर मोहल्ले वालों की मदद से दोनों चोरों को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।झांसी रोड के नाका चन्द्रवदनी स्थित पारदी मोहल्ला निवासी तारा देवी पत्नी जगदीश कुमार बेटी के साथ घर पर थी, तभी गली में चाबी बनाने वालों की आवाज सुनाई दी तो उन्होंने बाहर आकर देखा तो दो सरदार जाते दिखाई दिए। उन्होंने आवाज लगाकर उन्हें बुलाया और अलमारी का लॉकर ठीक करने के लिए बातचीत की। जिस पर दोनों सरदार से दिखने वाले युवक 50 रुपए में चाबी बनाने पर तैयार हो गए। कुछ देर प्रयास करने के बाद उन्होंने मिट्टी का तेल मांगा, जिससे चाबी घूमने में आसानी होगी। इस पर तारा देवी बेटी को वहां पर छोड़कर अंदर गई और ऑइल लेकर आईं, लेकिन इससे पहले ही लॉकर में चाबी टूट गई। इस पर सरदारों ने उनसे अगले दिन आकर लॉक ठीक करने को कहा।
संदेह हुआ तो अड़ गई महिला
- लगातार चाबी बनाने वालों द्वारा जेवर समेट ले जाने की घटनाओं की जानकारी होने के कारण तारा देवी को शंका हुई और वह लॉकर उसी समय खुलवाने पर अड़ गई। इस पर उन्होंने चाबी निकालने वाला औजार ना होने की बात कही तो तारा देवी ने लॉकर तोड़ने को कहा। जब वह तैयार ना हुए तो तारा देवी ने लॉकर तोड़ दिया तो सरदार भागने लगे। लॉकर में देखा तो उसके पांच हजार रुपए और जेवर का पर्स गायब था। जेवर व नगदी गायब देखकर तारा देवी सरदारों के पीछे दौड़ी और शोर भी मचा दिया। इसी समय वहां काफी लोग आ गए थे। महिला ने मोहल्ले के लोगों की मदद से दोनों आरोपियाें को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस दोनों चोरों को पकड़कर थाना ले गई है।
महिला बोली-बेटी के जेवर थे जरा भी डर नहीं लगा
- तारादेवी ने दैनिक भास्कर को बताया कि लॉकर में उनकी बेटी के गहने रखे थे। जब दोनों चोर भागे तो सबसे पहले उन्होंने लॉकर ही खोला था। उसमें गहने नहीं मिले तो उन्हें समझते देर नहीं लगी कि यह वही सरदार गैंग है। इसके बाद वह पीछे शोर मचाते हुए दौड़ पड़ी। उसने चोरों को पकड़ लिया और मोहल्ले के लोगों की मदद से उनको वहीं घेरकर रखा। इसके बाद झांसी रोड थाना पुलिस को मामले की सूचना दी गई।
आधा सैकड़ा से ज्यादा हुई हैं शहर में वारदातें
इससे पहले शहर में ताले की चाबी बनाने आए सरदारों ने करीब आधा सैकड़ा से ज्यादा वारदातों को अंजाम दिया है, हर बार यह वारदात को अंजाम देकर निकल जाते थे और कुछ माह की खामोशी के बाद फिर वारदात को अंजाम देते थे। पहली बार आरोपी पुलिस के हाथ लगे हैं।
पुलिस का कहना
-झांसी रोड थाना प्रभारी संजीव नयन शर्मा ने बताया कि चाबी बनाने वालों के भेष में आकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो चोरों को पकड़ा है। पकड़े गए चोरों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही शहर में हुई अन्य वारदातों का खुलासा हो सकता है। अभी पूछताछ जारी है।