सब्जी मंडी विवादः कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमल नाथ, अरुण यादव आज धरना देंगे
ग्वालियर। हजीरा सब्जी मंड़ी को इंटक मैदान में शिफ्ट करने के मुद्दे को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमाने लगी है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने गुरुवार की सर्द रात ,सहित 30 घंटे इंटक मैदान की नवीन मंड़ी के चबूतरे पर बिताए। वहीं शनिवार की शाम 4 बजे हजीरा चौराहे पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में धरना दिया जाएगा। धरने में पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमल नाथ के साथ कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव व युवक कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया भी शामिल हाेंगे। इस दाैरान वह मंडी शिफ्ट करने से प्रभावित सब्जी विक्रेताओं से धरना स्थल पर मुलाकात कर जानकारी लेंगे। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री निजी कार्यक्रमों में भाग लेंगें। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष डा देवेंद्र शर्मा, विधायक सतीश सिकरवार व कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री सुनील शर्मा ने हत्या के प्रयास में नामजद आरोपिताें के स्वजनाें से मुलाकात की। वहीं विधायक सतीश सिकरवार जेल में निरीक्षण करने पहुंचे, जहां उन्हाेंने हत्या के प्रयास में जेल में बंद कांग्रेसियों से मुलाकात की है। जेल अधीक्षक मनोज साहू का कहना है कि जनप्रतिनिधि किसी भी समय जेल का निरीक्षण कर सकते हैं। विधायक सतीश सिकरवार जेल का निरीक्षण करने के लिए आए थे। उन्होंने रसोई देखी और जेल की व्यवस्थाओं से संतोष व्यक्त किया है।