Home > अपना शहर ,
टोल प्लाजा को लूटने आए पांच बदमाशों को दबोचा

| पुलिस के दावे को सही माने तो रविवार की आधी रात को मोहनपुर के पास स्थित टोल प्लाजा लूटने से बच गया। पुलिस ने पांच बदमाशों को मय हथियारों के साथ मेहरा टोलप्लाजा का लूटने की योजना बनाते हुए पुल के पास मुरार थाना पुलिस ने दबौचा है। यह बदमाश पूरी तैयारी के साथ एक बोलेरो व चोरी की मोटरसाइकिल से हथियार लेकर टोल प्लाजा पर डकैती डालने आए थे। पुलिस ने बदमाशों के पास पांच कट्टे, पांच जिंदा राउंड व एक बोलेरो व चोरी की बाइक बरामद की है। डकैती की योजना बनाते हुए पकड़े गए पांचों शातिर बदमाश हैं। इनके खिलाफ भिंड में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। कौशल गुर्जर की भिंड पुलिस को तीन लूट के मामलों में तलाश थी।

एसएसपी अमित सांघी ने बताया कि रविवार की रात को सूचना मिली थी कि बोलेरो से संदिग्ध बदमाश मोहनपुर पुल के पास घूमते देखे गए हैं। इनके इरादे काफी खतरनाक हैं। इस सूचना पर एएसपी (क्राइम) राजेश दंडौतिया व सीएसपी(आइपीएस) ऋषिराज मीना ने मुरार थाना प्रभारी शैलेंद्र भार्गव के नेतृत्व में पुलिस पार्टी गठित कर बदमाशों की घेराबंदी करने के लिए भेजा । ताकि बदमाश शहर में कोई दुस्साहसिक वारदात नहीं कर सकें। पुलिस को मोहनपुर के पास यह बदमाश नजर आ गए। पुलिस को देखते ही एक बोलेरो व बाइक से बदमाशों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने इनकी घेराबंदी कर दबोच लिया।पुलिस ने डकैती की योजना बनाते हुए कौशल पुत्र सिकंदर गुर्जर निवासी पारसेन बिजौली, विशाल पुत्र गंधर्व जाटव निवासी खासीपुरा गांव गोहद, पवन पुत्र रामकतियार गुर्जर निवासी पारसेन शतुघन पुत्र रामनाथ जाटव निवासी गहोद, रामवीर पुत्र अमितलाल बाल्मीकि निवासी गोहद जिला भिंड को पकड़ लिया। मौके पर पांचों बदमाशों की तलाशी लेने पर पांच कट्टे व पांच जिंदा कारतूस मिले। थाने लाकर पांचों बदमाशों से पूछताछ करने पर कबूल किया कि उनकी योजना आधी रात में टोल प्लाजा पर डकैती डालने की थी। बदमाशों ने बताया कि टोल प्लाजा पर हथियार होने की रैकी वह पहले कर चुके थे। इसलिए हथियार लेकर आए थे। पकड़े गए सभी बदमाशों की उम्र 19 से 23 वर्ष के बीच है।

Share This News :