Home > अपना शहर ,
माधवराव सिंधिया के बालसखा के साथ यह क्या हुआ

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के पिता स्व. माधवराव सिंधिया के बालसखा और पूर्व मंत्री बालेंदु शुक्ला के बैंक लॉकर से एक करोड़ रुपए से ज्यादा के जेवरात गायब हो गए हैं। गायब हुईज्वेलरी में कई गहने एंटीक भी थे जो माधवराव सिंधिया के परिवार ने उनकी पत्नी को भेंट किए थे और कई गहने उनके दादाजी ने दिए थे।

माधवराव सिंधिया के निकटतम साथी रहे बालेंदु शुक्ला का ग्वालियर में भारतीय स्टेट बैंक की चेतक पुरी शाखा में लॉकर है। उसे उनकी पत्नी ऑपरेट करती हैं। बालेंदु शुक्ला ने  बताया कि  उनकी पत्नी 26 फरवरी 2020 को लॉकर ऑपरेट करने गई थीं तो उसमें गहने रखे थे, वह सुरक्षित थे लेकिन इसके बाद 25 जून 2021 को जब वे बैंक लॉकर को ऑपरेट करने पहुंची तो लॉकर का सामान गायब था। इस संबंध में उन्होंने बैंक के अधिकारियों को बताया तो उन्होंने इसमें कोई मदद नहीं कर पाने की बात कही। 

लॉकर में कीमती ज्वेलरी थी
बालेंदु शुक्ला ने बताया कि लॉकर में करीब एक करोड़ से ज्यादा के गहने थे। उनके वकील आशीष चतुर्वेदी ने चर्चा में बताया कि गहनों में कई ज्वेलरी स्व. माधवराव सिंधिया के परिवार ने बालेंदु शुक्ला की पत्नी को भेंट की थी जो एंटीक ज्वेलरी थी। इसके अलावा बालेंदु शुक्ला के दादा के समय की ज्वेलरी भी उसमें थी। उल्लेखनीय है कि ऐसी ज्वेलरी की कीमत का सही अंदाज लगा पाना मुश्किल होता है। 

एसपी को शिकायत की
बालेंदु शुक्ला ने कहा कि लॉकर मेंं रखे सामान के बारे में बैंक प्रबंधन को पता नहीं होता है और उसमें से किसी सामान के गायब होने पर बैंक की जिम्मेदारी को लेकर उन्हें जानकारी नहीं थी। मगर झारखंड की एक खबर उन्होंने जब पढ़ी कि बैंक लॉकर से सामान गायब होने पर बैंक पर कार्रवाई की गई तो उन्होंने भी एसपी ग्वालियर को लिखित शिकायत की थी। मगर काफी समय बाद भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। शुक्ला के वकील आशीष चतुर्वेदी ने कहा कि वे अब इसमें पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने के लिए कार्रवाई करेंगे। 

कौन हैं बालेंदु शुक्ला
बालेंदु शुक्ला मध्य प्रदेश में कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे हैं। वे माधवराव सिंधिया के निकटतम सहयोगी रहे हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया के राजनीति में आने के बाद वे भाजपा में चले गए थे लेकिन ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा में जाने पर वे वापस कांग्रेस में लौट आए हैं।

Share This News :