अपहरण कर मारने की धमकी देकर 20 लाख मांगे, पकड़ा
ग्वालियर |वाट्सएप पर बच्चों के फोटो भेजकर उनका अपहरण कर मारने की धमकी देने वाले युवक को रूपसिंह स्टेडियम के पास से गोला का मंदिर थाना पुलिस ने पकड़ लिया है। आरोपित राजवीर चार फरवरी से सुनार चंदन सोनी को दो नंबरों से काल कर 20 लाख रुपये की मांग कर रहा था। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर पता लगा रही है कि आरोपित के पास फरियादी के बच्चों के फोटो कहां से आए। जिस मोबाइल से आरोपित फरियादी को धमकी दे रहा था पुलिस ने वह भी बरामद कर लिया है। आरोपित के पकड़ने जाने के बाद सोनी परिवार ने सुकुन की सांस ली है।सूर्य विहार कालोनी पिंटो पार्क निवासी चंदन पुत्र सुरेशचंद सोनी पेशे से सुनार हैं। उनकी गोला का मंदिर पर दुकान है। चार फरवरी को वे अपनी पत्नी सोनम, बच्चों व भाई नीरज सोनी के साथ पूजा करने भिंड गए थे। भिंड से घर लौटते ही उनके मोबाइल नंबर पर अपरिचित नंबर से काल आया। काल करने वाले युवक ने धमकाते हुए कहा कि मैं फिरौती गैंग से राजवीर सिंह बोल रहा हूं। अगर तुम अपनी और अपने परिवार की जान बचाना चाहते हो, तो मुझे 20 लाख रुपये दे दो। रुपये कहां और कब देने हैं यह में बाद में बताऊंगा, सिर्फ तु्म्हे अपने बच्चों की जान बचाने के लिए पैसों का इंतजाम करना है। मैंने कहा मेरे पास कोई पैसा नहीं है।अपना वाट्सएप देख ले: फरियादी ने बताया कि काल कट कर मैंने अपना वाट्सएप देखा तो अवाक रह गया। उसी नंबर से मेरे बच्चों के फोटो भेजे गए थे। इसके साथ ही परिवार को डराने के लिए कुछ ऐसे फोटो भेजे गए थे। जिसमें कुछ लोग बच्चों को बंधक बनाकर उन्हें प्रताड़ित कर रहे थे। तीसरे दिन शाम साढ़े छह बजे फिर काल आया। काल करने वाले बदमाश ने कहा कि लगता है तेरे को अपने बच्चों की जान की परवाह नहीं है। मैंने उससे कहा कि इतना पैसा किसी भी कीमत पर नहीं दे सकता हूं। उसके बाद बदमाश बोला चल 15 लाख का इंतजाम कर ले। इसके बाद इसकी शिकायत गोला का मंदिर थाने में की।स्टेडियम के पास से आरोपित को पकड़ा: एसएसपी अमित सांघी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एएसपी क्राइम राजेश दंडौतिया, डीएसपी क्राइम रत्नेश तोमर, विजय भदौरिया व सीएसपी मुरार नागेंद्र सिंह के साथ क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी डीपी गुप्ता व गोला का मंदिर थाना प्रभारी विनय शर्मा व उनकी टीम को लगाया। पड़ताल में पता चला कि नंबर अलग-अलग हैं, लेकिन काल एक ही मोबाइल से किये गये हैं। पुलिस ने इस मोबाइल को सर्विलांस पर लगाकर अपहरण की धमकी देकर 20 लाख रुपये की मांग करने वाले राजवीर सिंह को पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपित बानमोर का निवासी है और छात्र है। वह पहले फरियादी की दुकान से खरीदारी कर चुका है। उसे ऐसा लगा कि सुनार के पास काफी माल है जिससे वह आसानी से पैसा दे सकता है।