अजय सिंह-अरुण यादव को घर बैठाया
मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कमलनाथ पर हमला किया है और कहा है कि उन्होंने कांग्रेस के हजार टुकड़े कर दिए हैं। अजय सिंह और अरुण यादव को घर बैठा दिया है। ऐसे कमलनाथ जोड़ने की बात कर रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने गुरुवार को ट्वीट कर भाजपा पर हमला किया था जिसमें उन्होंने कहा था कि भाजपा तोड़ने का काम करती है लेकिन कांग्रेस जोड़ने का काम करती है। नाथ ने यह भी कहा था कि कांग्रेस दिल जोड़ती है, संबंध और रिश्ते जोड़ती हैं। कमलनाथ के इस बयान पर भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा है कि वे जोड़ने की बात करते हैं जबकि उन्होंने कांग्रेस के गुरिया-गुरिया को तोड़ दिया है। पार्टी का जोड़-जोड़ खोल दिया है। कांग्रेस के कई हजार टुकड़े कर दिए हैं। नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेता अजय सिंह और अरुण यादव को उन्होंने घर बैठा दिया है और अब वे घर-घर चलो की बात कर रहे हैं। और न जाने कितनों को वे घर बैठाएंगे।
कांग्रेस ने समर्पण निधि को टेरर टैक्स बताया
भाजपा के आज से शुरू हो रहे समर्पण निधि संग्रह अभियान को कांग्रेस द्वारा टेरर टैक्स बताए जाने पर मिश्रा ने कहा है कि साधु, चोर, लंपट और ज्ञानी अपनी सीरत सबकी जानी। कांग्रेस को जो टेरर टैक्स नजर आता है, वह उसी क्रम में कोई है।