उमा भारती के शराबबंदी अभियान में अब ऊर्जा मंत्री ने मिलाई कदम ताल
भाजपा की वरिष्ठ नेता व प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के शराब बंदी को लेकर बयानों पर सोमवार को ऊर्जा मंत्री ने भी शराब बंदी का समर्थन किया है। उनका कहना है कि बिल्कुल शराब बंदी होनी चाहिए, लेकिन उससे पहले लोगों को जागरुक करना पड़ेगा। समाज के लोगों को मैदान में उतरकर जागरुकता फैलानी होगी।
जिससे लोग खुद ही शराब न खरीदें। तब जाकर शराब बंदी हो सकेगी। उमा भारती काफी समय से प्रदेश में शराब बंदी की मांग कर रही हैं, लेकिन प्रदेश का कोई अन्य मंत्री पहली बार इस मुद्दे पर प्रखर होकर बोला है।
प्रदेश में बीते एक साल में जहरीली शराब से करीब आधा सैकड़ा से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। 60 फीसदी क्राइम की जड़ भी शराब ही रहती है। ऐसे में लंबे समय से प्रदेश में शराब बंदी करने की बात उठ रही है। भाजपा की वरिष्ठ नेता व प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने कई बार शराबबंदी का मुद्दा उठाया है, लेकिन प्रदेश सरकार के मुखिया और अन्य मंत्रीगणों में से किसी ने भी इस मुद्दे पर खुलकर कभी कोई बयान नहीं दिया है। सोमवार को ग्वालियर में प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री व सिंधिया समर्थक प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शराब बंदी पर प्रखर होकर बयान दिया है। जब उनसे उमा भारती के शराब बंदी के बयान पर सवाल किया गया तो उनका कहना था कि बिल्कुल प्रदेश में शराब बंदी होना चाहिए। इस बयान के आखिर में उन्होंने पर शब्द लगाकार अपनी बात को विस्तार दिया कि शराब बंदी निश्चित रूप से होना चाहिए पर उससे पहले लोगों को जागरूक करना चाहिए। समाज के वरिष्ठ लोग, मार्गदर्शक आगे आकर शराब के प्रति लोगों को जागरूक करें। जिससे वह खुद ही शराब को न करें। इसके बाद शराब बंदी सही मायने में हो सकती है।