महिला की गला रेतकर हत्या
ग्वालियर |गुप्तेश्वर मंदिर के जंगल में एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई है। महिला को रात 10 बजे तक घर में देखा गया, लेकिन सुबह वह गायब मिली। परिजन अभी तलाश कर रहे थे कि तभी जंगल में एक महिला का शव पड़ा होने की खबर मिली। पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे।
महिला के परिजन ने उसकी शिनाख्त सविता उर्फ पपीता बंजारा के रूप में की है। जिस तरह का घटना स्थल है उससे साफ है कि महिला शौच के बहाने किसी के बुलाने पर जंगल में पहुंची थी। जहां उसकी हत्या कर दी गई है और यह भी हो सकता है कि वह शौच के लिए जा रही थी और पहले से घात लगाकर बैठे आरोपी ने हमला कर दिया। शहर के जनकगंज गुप्तेश्वर मंदिर के पास निवासी सविता उर्फ पपीता (35) पत्नी स्व. प्रकाश सिंह का शव रविवार सुबह गुप्तेश्वर के जंगल में पड़ा मिला है। महिला के पास ही एक लौटा पड़ा मिला है। घटना की सूचना मिलते ही रात्रि गश्त पर निकले ग्वालियर TI आलोक सिंह परिहार, जनकगंज थाना प्रभारी संतोष यादव मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में मृतका के परिजन भी वहां पहुंच गए। मृतका की पहचान होते ही पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर जांच शुरू कर दी है। पता लगा है कि मृतका सविता के घर में दो बच्चे व मां है। बच्चे रवि (8) बेटी खुशी (11) हैं। शाम 7 बजे सविता काम से घर लौटी थी। इसके बाद रात 10 बजे तक उसे घर में ही देखा गया था। इसके बाद वह अपने कमरे में सोने जाने की कहकर चली गई, लेकिन सुबह वह घर पर नहीं दिखी। काफी देर तक जब कोई खबर नहीं मिली तो परिजन ने अपने स्तर पर उसे तलाशना शुरू किया। इसी समय जंगल में शव पड़ा होने की खबर मिली। परिजन ने वहां पहुंचकर शव की शिनाख्त सविता उर्फ पपीता के रूप में की है।घटना स्थल कर रहा चुगली
- जिस तरह का घटना स्थल पुलिस को मिला है उससे साफ है कि महिला को किसी ने बुलाया है। वह शौच के बहाने वहां पहुंची है और उसकी गला रेतकर हत्या कर दी गई है। इस संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता है कि महिला शौच के लिए जा रही थी कोई दुश्मन घात लगाकर बैठा था। मौका मिलते ही गले पर वार कर हत्या कर दी। इसकी संभावना कम नजर आ रही है।
ब्लास्ट में हुई थी पति की मौत
- जांच पड़ताल में पता लगा है कि सविता के पति प्रकाश की मौत लगभग 10 साल पहले ब्लास्ट में हुई थी। सविता की ससुराल बिलौआ में है। उसका पति खदान पर काम करता था। वहां माइनिंग ब्लास्ट में उसकी मौत हो गई थी। उसके बाद महिला को उसके देवर ने रख लिया, लेकिन कुछ साल बाद देवर भी नाबालिग से गलत हरकत करने पर जेल चला गया। अभी सविता अपनी मां के पास गुप्तेश्वर मंदिर के पास रह रही थी।
दो लोगों पर हत्या का संदेह, दो दिन पहले दी थी धमकी
- मृतका की मां ने बताया कि सविता को उसके देवर कल्ली ने दो दिन पहले ही फोन पर जान से मारने की धमकी दी थी। इसके अलावा पड़ोस में रहने वाले एक जाट ने भी उसे किसी प्रॉपर्टी को लेकर धमकाया था। इन दोनों की तलाश पुलिस कर रही है। साथ ही इनकी लोकेशन भी तलाश रही है।
11 मार्च को है बेटे का जन्मदिन
- मृतका के परिजन ने बताया कि सविता अपने बच्चों से बेहद प्यार करती थी। 11 मार्च को सविता के बेटे का बर्थ डे है। बेटे के जन्मदिन पर वह समारोह करने वाली थी। जिसके लिए वह तैयारी कर रही थी। मेहमानों की लिस्ट भी बना ली थी, लेकिन यह नहीं पता था कि वह खुद ही जिंदा नहीं बचेगी।
पुलिस का कहना
जनकगंज थाना प्रभारी डॉ. संतोष यादव का कहना है कि एक महिला की गला रेतकर कर हत्या कर दी गई है। मामले की जांच की जा रही है। मृतका के परिजन ने कुछ संदेहियों के नाम बताए हैं। जल्द ही संदेहियों को पकड़ लिया जाएगा।