यूक्रेन पर हमले को लेकर यूएनजीए में रूस के खिलाफ निंदा प्रस्ताव, दूर रहा भारत,अस्पतालों पर भी बमबारी
यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध लगातार तेज हो रहा है। आज इस युद्ध का आठवां दिन है। रूस ने राजधानी कीव और खारकीव शहर में भारी तबाही मचाई है। कई जगहों पर रिहाइशी इलाकों और अस्पतालों पर भी बमबारी की गई। वहीं यूक्रेन ने यह भी मान लिया है कि रूसी सेना ने खेरसन शहर पर अपना नियंत्रण कर लिया है। इस मामले में संयुक्त राष्ट्र सभा में रूस के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया या। हालांकि भारत ने इस मतदान में भाग नहीं लिया।
क्रीमियन प्रायद्वीप के उत्तर-पश्चिम में स्थित इस शहर की आबादी करीब 300,000 है। यह रणनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण है। यह रूसियों को यूक्रेन के दक्षिणी तट पर अधिक नियंत्रण करने और ओडेसा शहर की ओर से पश्चिम की तरफ आगे बढ़ाने में मदद करेगी।
आपको बता दें कि बुधवार को जैसे ही यूक्रेन में नागरिक ठिकानों पर बमबारी तेज हुई, नागरिकों के हताहत होने की खबरें तेज हो गईं। संयुक्त राष्ट्र ने कहा कि 227 नागरिक मारे गए हैं।यूक्रेन में रूस का हमला लगातार तेज होता जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक खेरासन शहर पर रूस ने कब्जा जमा लिया है। इसके अलावा खारकीव और कीव में भी तेज हमले हो रहे हैं। इसी बीच रूस ने दावा किया था कि यूक्रेन भारतीय छात्रों को ढाल की तरह इस्तेमाल कर रहा है। हालांकि इस पर अमेरिका का कहना है कि ऐसा कोई प्रमाण नहीं मिला है। इस बारे में कोई प्रामाणिक रिपोर्ट नहीं है कि यूक्रेन भारतीय छात्रों का इस्तेमाल खुद को बचाने के लिए कर रहा हो।अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय ने यूक्रेन में हो रही तबाही की जांच शुरू कर दी है। न्यायालय ने कहा कि इस तरह से लोगों को शिकार बनाने के खिलाफ जांच और कार्रवाई जरूरी है।