यूक्रेन के राष्ट्रपति बोले- जंग नहीं थमी तो तीसरा विश्व युद्ध तय
रूस-यूक्रेन जंग का आज 25वां दिन है। रूसी सेना ने मारियुपोल शहर में एक आर्ट स्कूल पर बमबारी की है। यहां लगभग 400 लोगों ने शरण ली थी। लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। इसके पहले यहां एक थिएटर पर बमबारी हुई थी, जहां कम से कम 1,000 नागरिकों ने शरण ली थी।
इस बीच, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमिर जेलेंस्की ने रविवार को पुरानी पेशकश दोहराई। CNN को दिए इंटरव्यू में जेलेंस्की ने कहा- मैं रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से बातचीत के लिए तैयार हूं। लेकिन, हमें यह ध्यान रखना होगा कि अगर यह बातचीत नाकाम हो गई और जंग नहीं थमी तो थर्ड वर्ल्ड वॉर होना तय हो जाएगा।
रविवार को रूस ने माइकोलाइव में हाइपरसोनिक मिसाइल किन्झॉल से हमला किया है। हाइपरसोनिक मिसाइल से किया गया दूसरा हमला है। रूस की डिफेंस मिनिस्ट्री ने कहा कि उसकी सेना ने दक्षिणी यूक्रेन में एक फ्यूल स्टोरेज तबाह कर दिया है|