टीम ने कचरे से खाद बनते देखा, फीडबैक भी लिया
ग्वालियर |स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 के तहत टीम ने सोमवार को 10 वार्डों का सर्वे किया। इनमें वार्ड क्रमांक 9, 14, 15, 21, 20, 44, 46, 41 व 39 शामिल हैं। टीम ने इन वार्डों में बने ज्यादा मात्रा में कचरा उत्पादन करने वाले स्थानों का सर्वे किया और यहां पर कचरा निस्तारण के लिए बने नाडेप टांका आदि को देखा। इस दौरान टीम ने अस्पतालों व होटलों का भी सर्वे किया। साथ ही व्यवसायिक व रहवासी क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से फीडबैक भी लिया।
शहर में सफाई का सर्वे करने आई स्वच्छ सर्वेक्षण की टीम ने मेला ग्राउंड के पास बने सभी मैरिज गार्डनों का सर्वे किया। इन सभी मैरिज गार्डनों में बनाए गए नाडेप टांका का निरीक्षण किया। साथ ही इनके फोटो भी भेजे गए। साथ ही मैरिज गार्डन संचालकों से कचरा निस्तारण के तरीके व शादी समारोह में प्लास्टिक के उपयोग को लेकर सवाल भी पूछे गए। हालांकि इस दौरान सभी मैरिज संचालकों ने कहा कि वह लोग प्लास्टिक की चम्मच व सिंगल यूज प्लास्टिक आदि का उपयोग नहीं करते हैं। यहां पर स्टील की चम्मचों का उपयोग किया जा रहा है।
शाैचालयों का किया निरीक्षण: सर्वे करने वाली टीम ने वार्ड क्रमांक 14, 9, 15, 20, 46, 44 व 41 में सामुदायिक व पब्लिक शौचालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शौचालयों के अंदर सफाई, पानी, प्रकाश की व्यवस्था व केयरटेकर की मौजूदगी आदि को देखा।
आवासीय व व्यवसायिक क्षेत्रों से लिया फीडबैक: सर्वे करने के लिए आई टीम ने वार्ड क्रमांक 14, 15, 46, 44, 41 व 39 में आवासीय व व्यवसायिक क्षेत्रों में पहुंचकर दुकानदारों से बात की। साथ ही लोगों के घरों पर पहुंचकर उनसे सफाई व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान लोगों से पूछा गया कि उनके यहां पर टिपर वाहन आते हैं या नहीं।
सिटीजन फैडबैकः देश में 18 स्थानाें पर ग्वालियरः स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 में नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल ने शहरवासियों से आग्रह किया है कि वह ज्यादा से ज्यादा सकारात्मक फीडबैक दें। अभी जितना सहयोग जनता से मिलना चाहिए उतना नहीं मिल रहा है। वर्तमान समय में सिटीजन फीडबैक के मामले में ग्वालियर का स्थान पूरे देश में 18वां है। निगमायुक्त ने अपील की है कि स्वच्छ सर्वेक्षण में उच्च रैंक आएगी तो हमारे शहर का देश में मान बढ़ेगा, साथ ही शहर की प्रगति के भी अनेक द्वार खुलेंगे। शहर की स्वच्छता एवं साफ सफाई के लिए नगर निगम के कर्मचारी दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। इन प्रयासों में शहर के नागरिकों का भी सहयोग मिल रहा है, लेकिन अभी और सहयोग की जरूरत है। स्वच्छ सर्वेक्षण में जमीनी स्तर पर साफ-सफाई के साथ ही शहर के नागरिकों की जागरुकता एवं उनके प्रयासों की भी महत्ता है। उन्होंने निरीक्षण के दौरान लोगों को बताया कि सर्वेक्षण में सिटीजन फीडबैक के 600 अंक रखें गए हैं। यह अंक उच्च रैंक के लिए महत्वपूर्ण हैं।