पथरीला रास्ता, गंदे नाले का पानी...तब कहीं जाकर बुझती है इनकी प्यास
ग्वालियर (विनय शर्मा) : छिंदवाड़ा के पातालकोट में रहने वाले भरिया परिवार शुद्ध पानी के लिए तरस रहे हैं। पीने के पानी के लिए यहां कोई भी इंतजाम सरकार ने नहीं किया है। पातालकोट के रातेड़ में बसे तालाब ढाना में रहने वाले लोग करीब दो किमी सफर कर पीने का पानी जुटा पाते हैं।
100 परिवार रहते हैं यहां
तालाब ढाना में कुल 100 परिवार रहते हैं। फिलहाल यह लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। यहां रहने वाले सभी परिवार पीने के पानी के लिए हर रोज लंबा सफर करते हैं। करीब एक से दो किमी चलने के बाद एक गंदे नाले से पीने का पानी लाते हैं। इस दौरान उन्हें पथरीले रास्तों पर चलना पड़ता है, तब कहीं जाकर प्यास बुझ पाती है।
योजना बनी, पानी नहीं पहुंचा
अंबा माई से रातेड के तालाब ढाना में पानी लाने की कार्ययोजना सालों पहले पीएचई विभाग के द्वारा तैयार की गई थी। इसकी फाइल स्वीकृत नहीं हो सकी है। अंबा माई के जल स्त्रोत से रातेड़ की दूरी एक से दो किमी ही है। लेकिन यहां तक पाइपलाइन लाने में विभाग को कई साल लग गए। सुस्त रवैया के कारण 100 से ज्यादा परिवार गंदा पानी पीने को मजबूर हो गए हैं।