पीएम का बेटा बना सीएम
शनिवार को पाकिस्तान के पंजाब विधानसभा सत्र के दौरान हंगामे के बीच पीएमएल-एन नेता और पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ के बेटे हमजा शाहबाज को पाकिस्तान में पंजाब का मुख्यमंत्री चुना गया। हमजा शहबाज 197 मतों के साथ पंजाब के 21वें मुख्यमंत्री चुने गए। उधर, डिप्टी स्पीकर पर हमला करने के आरोप में इमरान खान की पार्टी पीटीआई के तीन नेताओं को गिरफ्तार किया गया।
दरअसल, इससे पहले शनिवार को पंजाब विधानसभा सत्र की कार्यवाही काफी हंगामेदार रही। पंजाब के नए सीएम को लेकर वोटिंग के ऐलान से पहले ही पीटीआई नेताओं ने डिप्टी स्पीकर दोस्त मोहम्मद मजरी पर हमला बोल दिया। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ। पीटीआई नेताओं ने मजरी पर थप्पड़ों की बरसात कर डाली, इतना ही नहीं उनके बाल भी खींचे। किसी तरह मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने मजरी की जान बचाई।
इस घटना के बाद सदन की कार्यवाही कुछ देर के लिए स्थगित हो गई थी लेकिन फिर कुछ देर बाद कार्यवाही शुरू हुई और पीटीआई के तीन नेताओं को गिरफ्तार किया गया। उधर, हमजा शहबाज के प्रतिद्वंद्वी परवेज इलाही को कोई वोट नहीं मिला क्योंकि उनकी पार्टी और पीटीआई ने चुनावों का बहिष्कार किया था।