पोलिंग बूथ पर ओआरएस, लू की दवा और डाक्टर, सब मिलेगा
ग्वालियर की गर्मी की प्रचंड है, इसलिए गर्मियां यहां हर किसी के झेलने के बस की बात नहीं। पंचायत चुनाव पर भी ग्वालियर की गर्मी का पूरा असर है। यहां गर्मी में आने वाले वोटर का पूरा ख्याल रखा जाएगा। पंचायत के मतदान केंद्रों पर ओआरएस के पैकेट, लू लगने के बाद बचाव के लिए उल्टी-दस्त की गोलियां व डाक्टर का इंतजाम रहेगा। यह विशेषकर बुजुर्ग वोटर और बच्चों के लिए किया गया है। सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ एक एक डाक्टर की तैनाती की जा रही है, जिससे वे अपने क्षेत्र के मतदान केंद्र पर काल मिलते ही मरीज को अटेंड कर सके। गर्मी के कारण ही मतदान केंद्र पर टेंट और पानी के मटके रखे जा रहे हैं। मतदान के दौरान मतदाता को बैठने के लिए छांव मिले यह ध्यान रखा जाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने इसको लेकर विशेष निर्देश जारी किए हैं। मतदान के दिन सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ डाक्टर्स की भी तैनाती की गई है। एक सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ एक डाक्टर रहेगा। सेक्टर मजिस्ट्रेट के तहत आने वाले मतदान केंद्रों पर डाक्टर सूचना मिलने पर अपनी सेवाएं देगें। डाक्टर्स को सभी जरूरी दवाओं के साथ भी लैस किया जाएगा। डाक्टर्स के होने की जानकारी मतदान केंद्रों पर रहेगी और कोई मतदाता इस बारे में पूछता है तो बताया जाएगा।यह दवाएं और व्यवस्था रहेगीः गर्मी में लू से बचने के लिए उल्टी दस्त की दवाएं और मेडिकल किट रखवाई जाएगी। इसके अलावा ओआरएस का घोल भी मौजूद रहेगा क्योंकि गर्मी के सीजन में पानी की कमी के कारण तबीयत खराब होने के ज्यादा मामले सामने आते हैं। पीठासीन अधिकारी को मौजूद दवा की पूरी जानकारी रहेगी। इसके अलावा पानी के लिए मटके रखवाए जाएंगे और लगातार भरने के लिए स्टाफ भी रहेगा।