Home > अपना शहर ,
भाजपा ने क्राइटेरिया माना तो माया बाहर

प्रदेश के 16 नगर निगमों में महापौर प्रत्याशियों को लेकर भाजपा में सोमवार देर रात कुछ नामों पर लगभग मुहर लग गई, हालांकि इनका औपचारिक ऐलान मंगलवार को हो सकता है। भोपाल से मालती राय, रीवा से व्यंकटेश पांडेय, जबलपुर डॉ. जितेंद्र जामदार के सिंगल नामों पर सहमति बन गई है। जबकि इंदौर से मधु वर्मा और पुष्यमित्र भार्गव में से किसी एक का नाम आ सकता है।

वहीं, ग्वालियर में पूर्व मंत्री माया सिंह और सुमन शर्मा में कड़ी टक्कर है। मंगलवार सुबह सभी बड़े नेता प्रदेश भाजपा कार्यालय में एक बार फिर नामों पर अंतिम चर्चा करेंगे। इसके बाद सभी 16 नगर निगमों में महापौर प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी जाएगी।

इससे पहले दिन भर नामों को लेकर भाजपा के कोर ग्रुप और चुनाव चयन समिति का मंथन चला। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दिल्ली गए। देर शाम जब लौटे तो सीधे भाजपा कार्यालय पहुंचे, यहां ढाई घंटे बैठक की। पार्टी सूत्रों के मुताबिक नेताओं में प्रत्याशियों को लेकर नए क्राइटेरिया पर चर्चा हुई। जिसके बाद सूची अटक गई।

क्राइटेरिया में अब उम्र भी

भाजपा के नए क्राइटेरिया के मुताबिक किसी ऐसे प्रत्याशी को नहीं उतारेगी, जिसकी उम्र 60 साल से ज्यादा हो और जो दो बार कोई चुनाव हार चुका हो। यह भी तय हुआ है कि मूल कार्यकर्ता को ही टिकट देना ठीक रहेगा। इसके अलावा परिवारवाद वाली गाइडलाइन भी साफ है। यह भी तय हुआ है कि किसी भी सांसद-विधायक को टिकट नहीं देंगे। लेकिन, हर शहर के प्रत्याशी के लिए किस क्राइटेरिया को माना जाएगा और किसे नजरंदाज करेंगे, इसे लेकर असमंजस है।

क्राइटेरिया माना तो माया बाहर

भाजपा में जो नया क्राइटेरिया आया है, उससे कई बड़े दावेदार दौड़ से बाहर हो सकते हैं। ग्वालियर से माया सिंह का नाम लगभग तय माना जा रहा था, लेकिन उनकी उम्र 71 साल होने से बाहर हो सकती हैं। इसी इंदौर से नॉन पॉलिटिकल चेहरा होने की वजह से डॉ. निशांत खरे की दावेदारी कमजोर हो गई है।

बता दें कि महापौर प्रत्याशी के चयन को लेकर भाजपा में तीन दिन से कोर ग्रुप और चुनाव चयन समिति के बीच मैराथन बैठकें हो रही हैं। सीएम के साथ ही राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश भी भोपाल आ गए है।

Share This News :