केंद्रीय मंत्री तोमर के गढ़ में कांग्रेस की शारदा सोलंकी मेयर
मुरैना में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के गढ़ में कांग्रेस का मेयर होगा। नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी शारदा सोलंकी ने भाजपा की मीना जाटव को 12,874 वोटों से हराया है। शुरुआत से ही शारदा सोलंकी की जीत तय मानी जा रही थी। कांग्रेस प्रत्याशी को 54,277 भाजपा को 41,403 वोट मिले हैं। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी जश्न मनाना शुरू कर दिया। निगम बोर्ड में 19 पार्षद कांग्रेस, 15 पार्षद भाजपा, बीएसपी के 8 और अन्य 5 जीते हैं। तीसरे नंबर BSP आई है।
यहां 47 वार्डों के लिए दूसरे चरण में 13 जुलाई को वोटिंग हुई थी। मुरैना नगर निगम में 55.53 % तो जिलेभर के सभी 6 निकायों में 61.77 % मतदान हुआ था। पॉलिटेक्निक कॉलेज में चल रही काउंटिंग 11 राउंड में हुई। इसके साथ ही मुरैना, जौरा, बानमोर, सबलगढ़, कैलारस व झुंडपुरा में भी काउंटिंग की गई।
सिंधिया, तोमर और सीएम ने किया था प्रचार
मुरैना केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का गढ़ माना जाता है। यहां की जिम्मेदारी भी तोमर की ही थी। इसके अलावा यहां केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी प्रचार किया था।
कांग्रेस प्रत्याशी शारदा सोलंकी ने मतगणना स्थल के पास बड़ोखर मंदिर में जाकर काली मां के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
मतगणना स्थल पर भीड़
काउंटिंग के लिए मतगणना स्थल शासकीय पॉलिटेक्नक कॉलेज के बाहर लोगों की भीड़ लगना शुरू हो गई है। पार्टियों के एजेंट भी मतगणना स्थल पर पहुंच गए हैं। लोगों को उत्सुकता है कि किस पार्टी के हाथों उनके शहर की जिम्मेदारी मिलने वाली है।
अलर्ट मोड में जिला प्रशासन
जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है। मतगणना स्थल पर एजेंटों के अलावा किसी को प्रवेश की अनुमति नहीं है। मतगणना स्थल पर मोबाइल प्रतिबंधित है। पॉलिटेक्नक कॉलेज के रूम नंबर-118,119,120,121,125 व 126 में काउंटिंग की गई।
जीत के बाद कांग्रेसियों ने की जमकर नारेबाजी
मुरैना में कांग्रेस की महापौर बनने व 19 वार्डों में कांग्रेस के उम्मीदवार जीतने के बाद कांग्रेस उत्साहित है। कांग्रेसी अब खुलकर कहने लगे हैं कि सत्ता परिवर्तन का समय आ गया है। नगरीय चुनाव में इस बात के पूरे-पूरे संकेत दे दिए हैं और जनता का बहुमत बता रहा है कि जनता अब परिवर्तन चाहती हैं। महापौर का प्रमाण पत्र लेने के दौरान कांग्रेस के दिग्गज नेता विदा सिंह सिकरवार, रामलखन दण्डौतिया, विधायक राकेश मावई व अजब सिंह कुशवाह मौके पर मौजूद थे। उन्होंने भाजपा के विरोध में जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर उन्होंने मुरैना में केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की हार बताया।