मकान के विवाद पर प्रॉपर्टी डीलर को मारी गोली
ग्वालियर में परिचित से मिलने आए एक प्रॉपर्टी डीलर में एक बदमाश ने गोली मार दी। प्रॉपर्टी डीलर समय रहते हट गया और गोली उसके सिर के बदले उसके कान को चीरते हुए निकल गई। चंद सेकंड के फासले से जान बच गई है।घटना हजीरा के बिरला नगर लाइन नंबर एक की है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए भर्ती कराकर उसकी शिकायत पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
यह है पूरा मामला
ग्वालियर के हजीरा चार शहर का नाका निवासी प्रशांत भारती पुत्र रामकिशन भारती प्रॉपर्टी खरीदने बेचने का काम करते है। लाइन नंबर एक में उनकी परिचित सुषमा पत्नी संजय सिंह चौहान रहती हैं। वह उनसे मिलने के लिए गए थे और मिलने के बाद वापस आ रहे थे, तभी एक युवक आया और उन पर पिस्टल से फायर किया। समय रहते वह अपने स्थान से हट गए और गोली उनके कान को लगती हुई निकली, जिससे उनका कान फट गया। इसके बाद आरोपी युवक ने दूसरा फायर किया, लेकिन वह बच गए। गोली चलाने वाला भागा तो वह भी उसका पीछा करते हुए भागे। इसके बाद कुछ दूरी पर खड़े देवेन्द्र त्रिपाठी ने उनकी मारपीट कर दी। जब उन्हें बचाने सुषमा का ड्राइवर मनोज आया तो उसकी भी मारपीट कर दी। गोली चलने का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए भर्ती कराकर देवेन्द्र त्रिपाठी और अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
हटते नहीं तो चली जाती जान
घायल ने पुलिस अफसरों को बताया कि आरोपी ने उनके सिर को निशाना बनाकर गोली चलाई थी, वह तो समय रहते हट गए, जिससे गोली उनके कान को फाड़ती हुई निकली है, अगर थोड़ी सी चूक होती तो उनकी जान चली जाती।
यह है हमले का कारण
घायल ने बताया कि एक साल पहले सुषमा ने देवेन्द्र त्रिपाठी से मकान का सौदा कर अनुबंध किया था। साथ ही मकान के ऊपरी हिस्से में रहने लगी। अब देवेन्द्र मकान बेचना नहीं चाह रहा है और इसीलिए उस पर हमला करवाया है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी हैं। जिससे पता चल सके कि गोली मारने वाला बदमाश कौन था।
पुलिस का कहना
एडिशनल एसपी अविनाश चौथसे ने बताया कि फोन पर सूचना मिली थी कि एक प्रॉपर्टी डीलर को बदमाश ने गोली मार दी है। साथ ही एक अन्य व्यक्ति ने उसके साथ मारपीट भी की है। सूचना मिलने पर थाने का पुलिस बल मौके पर पहुंचाया था जहा घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। प्रॉपर्टी डीलर की शिकायत पर गोली चलाने वाले बदमाश व मारपीट करने वाले एक अन्य आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।