Home > अपना शहर ,
जिला पंचायत में दो केंद्रीय मंत्री के समर्थक आमने-सामने:चुने गए सदस्यों को लेकर भोपाल में डटे उद्यानिकी मंत्री, इमरती भी हुईं एक्टिव

ग्वालियर जिला पंचायत अध्यक्ष को लेकर भाजपा के दो केन्द्रीय मंत्रियों के करीबी एक मंत्री और पूर्व मंत्री आमने-सामने आ गए हैं। 29 जुलाई को ग्वालियर में अध्यक्ष का चुनाव होगा। अध्यक्ष की सीट अनुसूचित जाति महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। ऐसे में केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर के खास प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री भारत सिंह कुशवाह के पसंदीदा सदस्य को अध्यक्ष बनाया जाना तय माना जा रहा था, लेकिन अब इस चुनाव में केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की खास पूर्व मंत्री व लघु उद्योग निगम की अध्यक्ष इमरती देवी के सक्रिय होने से मामला आमने-सामने का हो गया है। एक बार फिर अंचल के दो दिग्गजों में वर्चस्व की लड़ाई शुरू हो गई है। एक दिन पहले भारत सिंह चुने गए करीब 7 सदस्यों काे लेकर भोपाल पहुंच गए हैं यहां भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा से उनकी मुलाकात कराकर दावेदारी की है। इधर इमरती भी पूरा जोर लगा रही हैं। डबरा के वार्ड-7 से जीतीं नेहा के लिए पूरी जोर-अजमाइश कर रही हैं।जिला पंचायत अध्यक्ष को लेकर भाजपा में अंदरूनी गुटबाजी तेज होती जा रही है। 29 जुलाई को सिरोल स्थित जिला पंचायत भवन में अध्यक्ष चुने जाने की प्रक्रिया होनी है और उससे पहले उद्यानिकी मंत्री भारत सिंह कुशवाह एवं लघु उद्योग निगम की अध्यक्ष व पूर्व मंत्री इमरती देवी में इस पद को लेकर राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। इमरती देवी डबरा से जीती एक महिला प्रत्याशी नेहा मुकेश को अध्यक्ष बनवाने के लिए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के माध्यम से संगठन स्तर पर दबाव बनाने का प्रयास कर रही हैं तो वहीं मंत्री कुशवाह ने मुरार के वार्ड-3 से जीतीं दुर्गेश को अध्यक्ष बनवाने के लिए लॉबिंग संभाल रखी है। 29 को जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए चुनाव होने हैं। ऐसे में दोनों केन्द्रीय मंत्री के करीबी अपने-अपने सदस्यों को हाथ में रखकर सुरक्षित करना चाहते हैं। जिला पंचायत के 13 वार्ड से जिते हुए सदस्यों की घेराबंदी जारी है और इनसे किसी की कोई मुलाकात नहीं हो पा रही है।
फेसबुक पर अपलोड किया सदस्यों के साथ फोटो
- इधर अभी अटकलों का दौर जारी था कि प्रदेश के उद्यानिकी राज्यमंत्री भारत सिंह कुशवाह के फेसबुक वॉल पर जिला पंचायत ग्वालियर में चुने गए कुछ सदस्यों के साथ भोपाल में वीडी शर्मा के साथ मुलाकात करते हुए फोटो अपलोड हुआ है।भाजपा समर्थित व दूसरे अन्य नवनिर्वाचित सदस्यों को लेकर भारत सिंह भोपाल पहुंचे और पार्टी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा से मुलाकात कराई। इसमें एक निर्दलीय प्रत्याशी भी शामिल रहे हैं। जिन्होंने भाजपा को अपना समर्थन दिया है। भाजपा के पास अब 10 सदस्य हैं और बहुमत के लिए 7 सदस्यों की जरुरत होगी। ऐसे में यह तो साफ है कि जिला पंचायत अध्यक्ष भाजपा समर्थित होगा, लेकिन किस खेमे का होगा यह अभी देखना होगा। पर भोपाल गए सदस्य अब सीधे चुनाव वाले दिन ही लौटेंगे।
इन दोनों में से ही बनेगा कोई अध्यक्ष
- यह तो साफ है कि जिला पंचायत में भाजपा समर्थित अध्यक्ष बनेगा, लेकिन किस खेमे का होगा यह 29 जुलाई को ही पता लगेगा। प्रदेश के उद्यानिकी राज्यमंत्री भारत सिंह कुशवाह मुरार जनपद के अन्दर आने वाले जिला पंचायत के वार्ड-3 से सदस्य बनी दुर्गेश पत्नी कुंअर सिंह के लिए पूरी लॉबिंग कर रहे है। दूसरी तरह सिंधिया समर्थक पूर्व मंत्री इमरती देवी वार्ड-7 से चुनी गई नेहा मुकेश परिहार के लिए प्रयास कर रही है। नेहा मुकेश पहले गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा खेमे से दावेदारी कर रही थीं, पर हाल ही मंे उन्होंने पाला बदलकर इमरती के खेमे में चली गई हैं।

Share This News :