रेलवे हॉकी स्टेडियम पर नव स्थापित एस्ट्रोटर्फ का केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने किया लोकार्पण
ग्वालियर । केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि हॉकी खेल में ग्वालियर का स्वर्णिम इतिहास रहा है। यहाँ के खिलाड़ियों ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाई है। केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने रविवार को ग्वालियर रेलवे हॉकी स्टेडियम पर नव संस्थापित एस्ट्रोटर्फ व अन्य सुविधाओं के लोकार्पण अवसर पर यह बात कही। कार्यक्रम में प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर एवं सांसद विवेक नारायण शेजवलकर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि ग्वालियर के रेलवे हॉकी स्टेडियम में 6 करोड़ रूपए की लागत से नई एस्ट्रोटर्फ बिछाने एवं अन्य सुविधाओं के विस्तार का कार्य किया गया है। रेलवे का यह हॉकी स्टेडियम अनेक प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं का साक्षी भी है। उन्होंने कहा कि 1997 में इस हॉकी स्टेडियम का निर्माण तात्कालीन केन्द्रीय रेल मंत्री स्व. माधवराव सिंधिया के कार्यकाल में किया गया था।
केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री सिंधिया ने यह भी कहा कि ग्वालियर में रेलवे स्टेडियम के पुन: जीर्णोद्धार का कार्य भी 300 करोड़ रूपए की लागत से किया जायेगा। इसके साथ ही ग्वालियर से श्योपुर को प्रथम चरण में तथा श्योपुर से कोटा को द्वितीय चरण में नेरोगेज से जोड़ने का कार्य किया जायेगा।
क्षेत्रीय सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि ग्वालियर ने हॉकी के कई ख्याति प्राप्त खिलाड़ी दिए हैं। इस रेलवे हॉकी स्टेडियम पर सिंधिया गोल्ड कप, नेहरू गोल्ड कप के साथ अनेक प्रतिष्ठित प्रतियोगितायें भी आयोजित होती रही हैं। रेलवे विभाग द्वारा नया एस्ट्रोटर्फ लगने से नए खिलाड़ियों को अपने खेल में निखार लाने का नया अवसर मिलेगा।
प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्व. माधवराव सिंधिया ने इसका निर्माण कराया था। इस स्टेडियम में हिन्दुस्तान – पाकिस्तान का हॉकी मैच भी आयोजित हुआ है। स्टेडियम के नव निर्माण से ग्वालियर के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधायें मिलेंगीं और अच्छी प्रतियोगिताओं का आयोजन भी हो सकेगा।
इस अवसर पर हॉकी स्टेडियम पर उत्तर मध्य रेलवे एकादश व ग्वालियर एकादश की टीम के साथ प्रदर्शन मैच भी आयोजित किया गया। मैच के प्रारंभ में केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया एवं सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और दोनों ने ही हॉकी खेलकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन भी किया।
इस मौके पर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, बीज विकास निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल, लघु उद्योग निगम की अध्यक्ष श्रीमती इमरती देवी, नगर निगम सभापति मनोज सिंह तोमर, पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल, मदन कुशवाह, अशोक शर्मा, रामबरन सिंह गुर्जर, हरीश मेवाफरोश सहित जनप्रतिनिधि और संभागीय आयुक्त आशीष सक्सेना, कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।