Home > अपना शहर ,
पार्षद पतियों के बोलने पर निगमायुक्त ने उठाई आपत्ति तो हो गया हंगामा

बाल भवन की टीएलसी में आयोजित हुई पार्षदों की बैठक हंगामे दार रही। सभापति मनोज तोमर द्वारा बुलाई गई इस बैठक में उम्मीद से अधिक पार्षद पहुंचे। इसी दौरान वार्ड 18 की पार्षद कमलेश तोमर की जगह उनके पति बलवीर तोमर अपने वार्ड की समस्याएं बताने लगे तो निगमायुक्त कहा कि अगली बार से बैठक में पार्षद पति नहीं आयंगे। इस बात पर हंगामा हो गया। नाराज पार्षद पति बैठक छोड़कर जाने लगे। इसे देखते हुए सभापति मनोज तोमर ने हस्तक्षेप करते हुए सबको शांत किया।बाल भवन की टीएलसी में आयोजित हुई बैठक में भाजपा एवं कांग्रेस के 50 से अधिक पार्षद पहुंचे। इसमें कुछ पार्षद पति भी शामिल थे। अधिकारियों को उम्मीद थी कि सिर्फ भाजपा के पार्षद ही आयंगे इसलिए बैठक बाल भवन की टीएलसी में रखी गई। लेकिन बैठक में अधिक जनप्रतिनिधि पहुंच गए। इसके बाद जब चर्चा शुरू हुई तो वार्ड 21 के पार्षद ब्रजेश श्रीवास ने पूछा कि स्ट्रीट लाइटें कब सुधरेगी? 70 प्रतिशत बंद है, जो न बदली जा रही है और न नई लग रही है। वार्ड 3 की पार्षद मंजू सोनू राजपूत ने कहा कि पूर्व निगमायुक्त अनय दिवेदी के समय स्टॉफ व संसाधन कम थे, लेकिन सफाई सहित अन्य व्यवस्थाएं आज से बेहतर थी। वार्ड 6 के पार्षद दीपक मांझी ने कहा कि अधिकारी हमारे फोन नहीं उठाते। वार्ड 22 के पार्षद प्रमोद खरे ने कहा कि चेंबर सफाई का बुरा हाल है ठेकेदारी फर्म काम नहीं कर रही है। वार्ड 58 की पार्षद अपर्णा पाटिल ने कहा कि हमारा व्हीआईपी वार्ड है, लेकिन वार्ड के हिसाब से लेबर कम होने पर कर्मचारी बढ़ाने की जरूरत है। सवालों के जबाव में निगमायुक्त ने बताया कि सीवर समस्या निराकरण के लिए प्रत्येक वार्ड मेें दो-दो कर्मचारियों की टीम बनेगी। साथ ही स्ट्रीट लाइट समस्या हल करने के लिए एजेंसी व अधिकारियों को बुलाया गया है और प्रत्येक वार्ड में दो-दो लाइन मैन एवं पांच हजार स्ट्रीट लाइटों को स्पेयर में रखा जाएगा। छोटी-छोटी समस्या समाधान के लिए क्षेत्राधिकारी को 25-25 हजार रुपए अग्रिम मिलेंगें। सभापति ने निगमायुक्त से कहा कि पार्षदगणों की समस्या निराकरण के लिए एक कर्मचारी की नियुक्ति करें जिसे पार्षदगण अपनी समस्या नोट करा सकें और 7 दिन में क्या कार्रवाई पर पार्षद को अवगत कराएं। इसी दौरान वार्ड 18 की महिला पार्षद कमलेश तोमर की जगह उनके पति बलवीर तोमर अपनी समस्याएं रखने लगे तो निगमायुक्त ने अगली बार से पार्षद पतियों को बैठक में न बुलाने की बात कह दी। इस पर हंगामा हो गया।

Share This News :