भाजपा से निष्कासित प्रीतम लोधी ने भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर से की मुलाकात, बोले, एक-दूसरे का सहयोग करेंगे
ब्राह्मण समाज पर आपत्तिजनक टिप्पणी के चलते भारतीय जनता पार्टी से निष्कासित किए गए पूर्व मंत्री उमा भारती के करीबी प्रीतम लोधी ने रविवार को ग्वालियर में भीम आर्मी के अध्यक्ष चंद्रशेखर रावण से मुलाकात की। सरकारी गेस्ट हाउस में दोनों के बीच करीब एक घंटा चर्चा हुई और एक-दूसरे का सहयोग करने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद प्रीतम ने कहा, वे फिलहाल गरीबों की सेवा करेंगे। कोई और दल या संगठन में जाने का उनका कोई विचार नहीं है।
भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर दो दिवसीय प्रवास पर ग्वालियर अंचल में आए थे। रविवार को शिवपुरी से लौटने के बाद उनकी प्रीतम से मुलाकात हुई है। बता दें, भाजपा से निष्कासन के बाद प्रीतम लोधी शनिवार की शाम भोपाल से ग्वालियर आए थे। यहां उन्होंने अपने समर्थकों के साथ फूलबाग स्थित बाबा साहब आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया था। इस दौरान प्रीतम के समर्थकों ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के खिलाफ नारेबाजी की थी। इस मौके पर उन्होंने कहा था, वहां (भाजपा) अमीर और गरीब के लिए अलग-अलग कानून है। मेरे ब्राह्मणों के खिलाफ टिप्पणी पर आधा दर्जन केस दर्ज करा दिए गए। मेरे बयान को तोड़ मरोड़कर बहुप्रसारित किया गया। माफी मांगने के बाद भी पार्टी से निष्कासित कर दिया गया।