सांप ने काटा तो पॉलीथिन में पकड़ कर ले गया अस्पताल, चिकित्सकों को दिखा बोला युवक- इसने डसा है, इलाज करें
सांप द्वारा डसे जाने की खबरें अक्सर सामने आती हैं। लेकिन मध्य प्रदेश में जब एक युवक ने सांप ने डसा तो वो उसे पकड़ कर अस्पताल ले गया। अस्पताल में जिंदा सांप को देखकर हड़कंप मच गया। डॉक्टर और अस्पताल के अन्य स्टाफ घबरा गए और वहां अफरा तफरी की स्थिति बन गई। मामला छतरपुर जिले का है। बताया जा रहा है कि यहां के एक इलाके में रहने वाले सलमान को एक सांप ने काट लिया।
इसके बाद सलमान ने अपने परिजनों की मदद से उस सांप को एक पॉलीथिन में बंद कर दिया। सांप को पॉलीथिन में लेकर वो सीधे जिला अस्पताल पहुंचा। अस्पताल में युवक के हाथ में सांप देखकर सभी डर गए। इसके बाद सलमान सीधे इमरजेंसी और ओपीडी में पहुंचा। यहां उसने चिकित्सकों को सांप दिखाया और अपना इलाज करने के लिए कहा।
सलमान ने एक टेबल पर सांप को रखकर चिकित्सकों को दिखाया। सांप को देखकर हड़कंप मच गया। चिकित्सकों ने तुरंत स्टाफ से कहा कि वो सांप को बाहर करें तब ही वो मरीज का इलाज कर सकेंगे। काफी समझाने के बाद युवक सांप को बाहर छोड़ने के लिए राजी हुआ।
किसी तरह सांप को अस्पताल से बाहर निकाला गया। सांप के बाहर जाने के बाद चिकित्सकों ने युवक का इलाज किया है। युवक की हालत स्थिर है। चिकित्सकों ने लोगों से आग्रह किया है कि सर्पदंश होने के बाद सांप को नहीं बल्कि मरीज को अस्पताल में लाएं।