छह माह में 10 हजार करोड़ का ग्वालियर में होगा निवेश, पूरा ग्वालियर नहीं होगा स्मार्ट
ग्वालियर : प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर और सांसद विवेक शेजवलकर ने बुधवार को ग्वालियर में होने जा रहे 1128 करोड़ की योजनाओं के शिलान्यास व लोकार्पण की जानकारी साझा की। इसी दौरान सांसद ने कहा कि ग्वालियर में अगले छह से आठ माह में दस हजार करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। यमुना एक्सप्रेस वे से ग्वालियर निरावली तक ग्रीन फील्ड हाईवे को लेकर सांसद ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले इसका शिलान्यास कर दिया जाएगा। इसको लेकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से उनकी लगातार बात चल रही है।
स्मार्ट सिटी में काम दिख नहीं रहे मीडिया के इस सवाल पर सांसद शेजवलकर ने कहा कि पूरा ग्वालियर स्मार्ट होगा यह ऐसी परियोजना नहीं थी, अलग-अलग हिस्से शामिल हैं। ट्रैफिक सुधार सहित अलग-अलग काम इसमें हो रहे हैं और यह पूरी कंपनी है। चेयरमैन कलेक्टर हैं,इसमें हम जनप्रतिनिधियों में से कोई शामिल नहीं है।