Home > अपना शहर ,
रेड लाइट एरिया में रेड

ग्वालियर के रेड लाइट एरिया बदनापुरा गांव में रविवार सुबह पुलिस ने ऑपरेशन सर्च चलाया। 150 से ज्यादा पुलिस ऑफिसर्स और जवानों की टीम ने इलाके के एक-एक घर को सर्च किया। 6 लड़कियों को नाबालिग जानकर पुलिस थाने ले आई। डॉक्यूमेंट दिखाने पर 3 छोड़ दिया गया, बाकी 3 लड़कियों का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला है। लड़कियों की उम्र 10 से 16 साल के बीच है। पुलिस ने दो युवकों को भी गिरफ्तार किया है। बदनापुर इलाका लड़कियों की खरीद-फरोख्त के लिए बदनाम है।

बदनापुर गांव मुरैना-ग्वालियर बॉर्डर पर शहर के पुरानी छावनी इलाके में है। इससे पहले जब भी गांव में पुलिस ने एंट्री की, तो विरोध का सामना करना पड़ा। कुछ दिन पहले मुरैना के आश्रम से गायब नाबालिग की लोकेशन यहां मिली थी। इस पर मुरैना पुलिस दबिश देने पहुंची, तो गांव के लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया था। लेकिन, इस बार पुलिस ने पूरी तैयारी के साथ बदनापुरा में छापा मारा। ये इस इलाके में अब तक का सबसे बड़ा सर्च ऑपरेशन है।

पुलिस जब गांव पहुंची तो गांव के लोग सहमे खड़े रहे। बदनापुरा के चार घरों से पुलिस ने 6 नाबालिग लड़कियों को बरामद किया। दो युवकों को भी गिरफ्तार किया है। एक युवक पुलिस के हाथ से निकल गया। इस बीच बनापुरा के पार्षद पीसी शर्मा ने विरोध जताया। उनका कहना है कि पुलिस ने आज तड़के कार्रवाई की है। 10 से 12 लोगों को उठाया है, लेकिन बता नहीं रहे हैं कि उनका क्या आरोप है। बदनापुरा वार्ड क्रमांक-5 में आता है।

3 बच्चियों की नहीं मिली कोई जानकारी
पकड़ी गई 6 लड़कियों को जब पुलिस थाने ले आई और महिला पुलिस अफसर उनकी काउंसिलिंग कर रही थीं, तो पता लगा कि उनमें से 3 लड़कियां बदनापुर की हैं। बाद में उनके परिजन भी दावा करने थाने पहुंच गए। लेकिन, तीन अन्य लड़कियों को कोई रिकॉर्ड नहीं मिल रहा है। उनके संबंध में पुलिस पूछताछ कर रही है।

लड़कियों की खरीद-फरोख्त के लिए बदनाम बदनापुरा, राजस्थान और बंगाल तक फैला नेटवर्क
ग्वालियर-मुरैना बॉर्डर पर बसा यह गांव हमेशा से नाबालिग लड़कियों की खरीद-फरोख्त के लिए बदनाम रहा है। यहां बेड़िया जनजाति के लोग रहते हैं। शहर या आसपास के शहरों से गायब लड़कियां कई बार यहां मिली हैं। कई बार यहां की लड़कियों को राजस्थान और दूसरे पड़ोसी राज्यों में बेचने के मामले सामने आ चुके हैं। मूलरूप से यहां के लोगों का नेटवर्क राजस्थान से जुड़ा है। वहां बेड़िया समाज के लोग काफी संख्या में हैं। यहां से पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी और बांग्लादेश बॉर्डर तक लड़कियों को बेचने की बातें सामने आ चुकी हैं।

पुलिस का कहना
ऑपरेशन को लीड कर रहीं ASP शहर मृगांकी डेका ने बताया कि बदनापुरा गांव में मानव तस्करी की सूचना मिली थी। 10 से 16 साल की 6 लड़कियां संदिग्ध मिली थीं। बाद में तीन लड़कियों के डॉक्यूमेंट मिल गए। तीन लड़कियों को अपनी निगरानी में लिया है।

Share This News :