डेंगू, मलेरिया की चपेट में शहर
49 सैंपलों की जांच में 12 मरीजों को डेंगू होने की पुष्टि हुई है। इनमें से 4 मरीज ग्वालियर के हैं। वहीं नगर निगम और मलेरिया विभाग इसे लेकर गंभीर दिखाई नहीं दे रहा है। शहर में न तो दवा का छिड़काव हो रहा है और न ही फोगिंग होते दिखाई दे रही है।
घरों में डेंगू के लार्वा मिल रहे हैं उनके चालान करने तक की अभी तक कार्रवाई ही नगर निगम ने शुरू नहीं की है। जीआरएमसी के माइक्रो बायोलॉजी विभाग और जिला अस्पताल मुरार में गुरुवार को डेंगू के 49 संदिग्ध सैंपलों की जांच की गई। जांच में 12 को डेंगू होने की पुष्टि हुई है। इनमें 5 मरीज छतरपुर के, 4 मरीज ग्वालियर, 2 मरीज मुरैना के और एक मरीज भिंड जिले का है।
ग्वालियर के जिन चार मरीजों को डेंगू होने की पुष्टि हुई है उनमें उटीला निवासी 20 साल का युवक,डीडी नगर निवासी 17 साल का किशोर, अमरकंटक अपार्टमेंट के 26 साल का युवक और डबरा के 20 साल का युवक शामिल है। जिले में डेंगू पीड़ित मरीजों की संख्या 124 पहुंच गई है, जिसमें से दो बच्चों की मौत हो चुकी है।