पिघलने लगी रिश्तों पर जमी बर्फ, गले मिले बुआ भतीजे और फिर की गुफ्तगूं
ग्वालियर में सिंधिया परिवार के एक आयोजन में बुआ-भतीजे के रिश्ते में नजदीकियां बढ़ती दिखीं. मामला ज्योतिरादित्य सिंधिया की आजी अम्मा यानि विजयाराजे सिंधिया की जयंती का था. इस मौके पर हुए कार्यक्रम में बुआ यशोधरा राजे और भतीजे केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया गले मिलते और गुफ्तगूं करते दिखाई दिए.
एक दूसरे से दूरियां रखने वाले सिंधिया राज परिवार के बुआ-भतीजे के रिश्तों में नजदीकियां बढ़ने लगी हैं. ग्वालियर में यशोधरा राजे सिंधिया और ज्योतिरादित्य सिंधिया एक साथ नज़र आए. मौका राजमाता विजयाराजे सिंधिया की जयंती का था. यशोधरा राजे ने राष्ट्रीय महिला मैराथन का आयोजन किया था. लेकिन उसमें भतीजे ज्योतिरादित्य सिंधिया को नहीं बुलाया था. सिंधिया बिना बुलाए ही वहां पहुंच गए.ज्योतिरादित्य को देख यशोधरा ने हाथ जोड़कर सिंधिया का स्वागत किया, तो जवाब में सिंधिया ने बुआ यशोधरा को झुक कर नमन किया। ये देख यशोधरा ने सिंधिया को स्नेह से गले लगा लिया. सिंधिया मैराथन को हरी झंडी दिखाने से लेकर कार्यक्रम खत्म होने तक बुआ के साथ मौजूद रहे.