शराबबंदी पर सिंधिया समर्थक मंत्री बोले-बोतल खुद आदमी के पास नहीं जाती, लोग खरीदकर लाते हैं
मध्य प्रदेश में इस समय शराबबंदी को लेकर राजनीति गरमाई हुई है। ऐसे में सिंधिया समर्थक व ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने आग में घी डालने का काम किया है। सिंधिया समर्थक का कहना है कि सरकार शराबबंदी नहीं कर सकती। शराब बंदी के लिए लोगों को जागरूक करना पड़ेगा। उन्होंने उदाहरण भी दिया कि शराब पर लिखा होता है स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है।
बोतल खुद आदमी के पास नहीं आती है, बल्कि आदमी उसे दुकान से खरीदकर लाता है। सबसे पहले लोगों को जागरूक करना पड़ेगा कि वह शराब छोड़ दें। उसके बाद अपने आप शराबबंदी हो जाएगी। जिन राज्यों में शराबबंदी हुई वहां के क्या परिणाम है। आदमी नकली व जहरीली शराब पी रहा है और मर रहा है।
मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती लगातार प्रदेश में शराबबंदी की मांग पुरजोर तरीके से उठाती रही हैं। शिवराज सिंह की सरकार शराबबंदी से ज्यादा लोगों को जागरूक करने पर बल देती नजर आई है। साल 2023 से पहले फिर शराबबंदी का मुद्दा प्रखर होता नजर आ रहा है। इसी बीच मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री व कट्टर सिंधिया समर्थक प्रद्युम्न सिंह तोमर का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि शराबबंदी सरकार नहीं कर सकती है। शराबबंदी के लिए हमें लोगों को जागरूक करना होगा। लोग शराब पीना बंद करेंगे तभी शराबबंदी हो सकती है। उन्होंने कहा कि कई राज्यों में शराब नहीं मिलती है लेकिन वहां भी लोग नंबर दो तरीके से जहरीली शराब बनाते है और लोग उसे दोगुने दाम में खरीदकर पीते भी हैं।
शराबबंदी हो लेकिन जन जागरण अभियान से
ऊर्जा मंत्री ने कहा है कि शराबबंदी ऐसे ही नहीं हो जाती है। शराबबंदी होनी चाहिए लेकिन जनजागरण अभियान चलाकर पहले लोगों को जागरूक बनाया जाए कि यह शराब उनके लिए हानिकारक है। शराब ही नहीं बल्कि हर तरह का नशा उनके लिए नुकसानदायक है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब आप सब्जी खरीदने के लिए जाते हैं तो आप किसी के कहने पर सब्जी नहीं खरीदते हैं। ना ही कोई आपको बाध्य करता है। ऐसे ही शराब की बोतल आपके पास नहीं जाती है बल्कि इसे आप खरीदते हो और पीते हो। यह स्वप्रेरणा है और इसको लेकर सरकार जागरूक है। सरकार आपको सचेत कर रही है उसके बाद भी आप सचेत नहीं हो रहे हो तो यह जिम्मेदारी आपकी है। शराबबंदी के लिए लोगों को जागरूक होना पड़ेगा तभी शराबबंदी हो सकती है।