डॉक्टर, पत्रकार और फैशन डिजायनर बनेंगे सजायाफ्ता कैदी
सेंट्रल जेल में बंद कैदी भी अब फैशन डिजाइनर, डॉक्टर और पत्रकार बनेंगे. जीवाजी विश्वविद्यालय जल्द ही कैदियों के लिए करीब डेढ़ दर्जन से ज्यादा कोर्स शुरू करने जा रहा है. विश्वविद्यालय के प्रस्ताव पर जेल विभाग ने मोहर लगा दी है. ये कोर्स शुरू करने का मकसद कैदियों को आत्मनिर्भर बनाकर रोजगार के लिए तैयार करना है. लिहाज़ा जेल से बाहर आने के बाद इन्हें अपना गुजारा करने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा.
जीवाजी यूनिवर्सिटी का दूरस्थ शिक्षण संस्थान (डिस्टेंस एजुकेशन) एक नयी पहल शुरू करने जा रहा है. इसके तहत जेल में बंद कैदी भी डिग्री, डिप्लोमा हासिल कर पाएंगे. जीवाजी विश्विद्यालय केंद्रीय जेल में स्किल डेवलपमेंट (कौशल विकास) पाठ्यक्रम शुरू करेगा. इनमें डिग्री, डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स शामिल हैं. विश्वद्यालय ने जेल में कोर्स शुरू करने के लिए पूरी तैयारी कर ली है. जीवाजी विश्विद्यालय के कुलपति प्रो. अविनाश तिवारी ने जेल आईजी को एक प्रस्ताव भेजा है. इस प्रस्ताव पर जेल विभाग की मोहर लग चुकी है, जल्द ही इसकी घोषणा होने वाली है.
केंद्रीय जेल के कैदियों के लिए शुरू होने वाले कोर्स के सिलेबस तैयार किए हैं. इसके आधार पर उनकी पढ़ाई कराई जाएगी. केंद्रीय जेल में पीजी डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन, पीजी डिप्लोमा इन साइकॉलॉजिकल काउंसलिंग, पीजी डिप्लोमा इन योग एजुकेशन, पीजी डिप्लोमा इन एचआरडी, पीजी डिप्लोमा इन ड्राइंग पेंटिंग, पीजी डिप्लोमा इन साइबर लॉ, पीजी डिप्लोमा इन फॉरेंसिक साइंस, एमए इन एजुकेशन और बीएससी कराई जाएगी. इसी के साथ औषधीय और सुगंधीय पौधों की खेती, फैशन डिजाइनिंग, ग्रामीण पत्रकारिता और जनसंचार, गुड्स एंड सर्विस टैक्स, वैदिक गणित, फलित ज्योतिष संबंधी सर्टिफिकेट कोर्स भी कराए जाएंगे.