BJP प्रभारी ने सिंधिया समर्थकों को बताया विभीषण ,कांग्रेस का तंज-'आका' तो उसूल की बात करते थे
मध्यप्रदेश भाजपा के प्रभारी मुरलीधर राव ने सिंधिया समर्थकों को विभीषण बताया है। दो दिन पहले गुना दौरे पर आए प्रभारी का एक VIDEO सामने आया है। जो कि राघौगढ़ का बताया जा रहा है। इसमें वह बोल रहे हैं- सब विभीषण अब इधर आ गए...। उनके इस बयान के दौरान मंच पर दो सिंधिया समर्थक मंत्री प्रदुम्मन सिंह तोमर और सिसोदिया भी मौजूद थे। इस बारे में पूछने पर एक मंत्री ने खुद को श्रीराम का सेवक बताया।
भाजपा के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव एक दिवसीय दौरे पर गुरुवार को गुना पहुंचे थे। यहां चांचौड़ा और राघौगढ़ में उन्होंने बूथ कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इसके अलावा भाजपा की कोर कमेटी, प्रदेश पदाधिकारियों और मोर्चों की बैठक भी ली। स्व-सहायता समूह के कार्यक्रम में भी वह शामिल हुए। उन्होंने टेकरी जाकर बालाजी सरकार के दर्शन भी किए।
सिंधिया समर्थक मंत्रियों को विभीषण बताने पर कांग्रेस का भी बयान आया। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा- आका तो कहते थे कि उसूलों पर आंच आए तो टकराना जरूरी है...। मंत्री अपने आका का अनुसरण क्यों नहीं कर रहे?
क्या है VIDEO में?
VIDEO राघौगढ़ में आयोजित बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन का बताया जा रहा है। इसमें मुरलीधर राव कह रहे हैं- सब कुछ निकल आया, विभीषण सब बाहर आ गए। आ गए न? प्रद्युम्न जी हैं, महेंद्र जी हैं...। उनके यह बोलते ही पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया तुरंत कहते हैं- हम तो रामजी के सेवक हैं। इसके बाद प्रदेश प्रभारी फिर बोले- तो सब विभीषण आ गए हैं, और वहां बचा क्या है?
कांग्रेस का तंज- मंत्रियों के स्वभिमान को सलाम...
कांग्रेस प्रवक्ता केके मिश्रा ने कहा, जिस तरह से भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने मप्र शासन के दो मंत्री, जो दल बदलकर भाजपा में शामिल हुए हैं, को विभीषण बताया और तालियां बजाईं, इसे क्या माना जाए? दोनों मंत्री, जो क्षत्रिय जैसे गौरवमयी और बहादुर समाज के रिप्रेजेंटेटिव हैं, उन्हें उनकी ही मौजूदगी में कोई विभीषण कहे और वो बैठकर अपनी मौन स्वीकृति दें... इसके लिए मैं इन दोनों के स्वाभिमान को सलाम करता हूं। कितना गिर सकते हैं राजनीति में...। इनके आका तो कहते थे कि उसूलों पर आंच आए तो टकराना जरूरी है...। मैं इन मंत्रियों से चाहूंगा कि वे उनके आका की या उनकी पंक्ति का अनुसरण क्यों नहीं कर रहे?