दूल्हे के दोस्तों ने किया कमेंट, दुल्हन के भाइयों ने जमकर पीटा, रात भर चला हंगामा
ग्वालियर में शनिवार देर रात एक शादी में हंगामा खड़ा हो गया। स्टेज के पास राजस्थान से आई बारात में दूल्हे के दोस्त ने कुछ कमेंट कर दिया। यह कमेंट दुल्हन के भाइयों को अच्छा नहीं लगा। इस पर वहां झगड़ा हो गया। दुल्हन के रिश्तेदारों ने दूल्हे के दोस्तों को जमकर पीटा है। घटना उपनगर ग्वालियर के कुशवाह मैरिज गार्डन की बताई जा रही है। वायरल VIDEO पुलिस तक भी पहुंचा है, लेकिन कोई शिकायत अभी तक नहीं की गई है। पुलिस अफसरों का कहना है कि कोई शिकायत करेगा तो VIDEO की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर सुबह से एक VIDEO वायरल हो रहा है। वायरल VIDEO में एक शादी समारोह में स्टेज के पास कुछ लोग आपस में झगड़ा करते हुए नजर आ रहे हैं। इसमें दो युवकों को कुछ लोग घेरकर मारपीट करते हुए नजर आ रहे हैं। जब VIDEO के बारे में पता किया गया तो जानकारी मिली कि यह VIDEO उपनगर ग्वालियर के कुशवाह मैरिज गार्डन का है। बताया जा रहा है कि शनिवार रात शहर के कुशवाहा मैरिज गार्डन में राजस्थान के भीलवाड़ा से बारात आई थी। गार्डन में बरात में शामिल होने के लिए जयपुर से दूल्हे के आये दो दोस्तों में से एक एक जिसका नाम मिराज था उसका स्टेज के पास किसी बात पर कमेंट करने को लेकर दुल्हन के रिश्तेदारों के साथ दो बार विवाद हो गया था। उस समय तो वहां के लोगों ने समझा दिया लेकिन कुछ ही देर बाद फिर किसी बात पर विवाद हुआ जो हाथापाई में बदल गया। गार्डन में ही दूल्हे के दोस्त और दुल्हन के रिश्तेदारों के बीच जमकर मारपीट होने लगी। उसके बाद शादी में शामिल होने आए लोगों ने बीच-बचाव किया।
पुलिस को सूचना दी, लेकिन शिकायत नहीं की
- झगड़े के बाद कुछ हालात बिगड़ने पर कुछ लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी, लेकिन जब पुलिस पहुंची तो दोनों पक्षों में राजीनामा हो गया था। कोई इस तरह घायल भी नहीं था कि पुलिस एक्शन लेती, लेकिन पुलिस थाना में किसी भी पक्ष ने कोई शिकायत नहीं की है।
VIDEO हो रहा वायरल
- पुलिस में इस मामले में किसी ने कोई शिकायत नहीं की है, लेकिन सोशल मीडिया पर शादी में झगड़े के बाद मारपीट का VIDEO खूब वायरल भी हो रहा है और चर्चित हो रहा है।
पुलिस का कहना
- इस मामले में ग्वालियर थाना प्रभारी दीपक यादव का कहना है कि शादी में मारपीट का एक VIDEO सामने आया है लेकिन यह VIDEO के संबंध में अभी तक कोई शिकायत नहीं आई है। शिकायत आती है तो एक्शन लिया जाएगा।