Home > अपना शहर ,
कोचिंग से लौट रही 10वीं की छात्रा को छेड़ा,मनचले ने रास्ता रोका, चाकू मारे

कोचिंग से घर लौट रही 10वीं की छात्रा से मनचले ने छेड़छाड़ की। छात्रा ने विरोध किया तो उसने चाकू से हमला कर दिया। छात्रा के शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग वहां पहुंचे। उन्होंने छात्रा को अस्पताल पहुंचाया।

घटना जबलपुर में 7 दिसंबर को हुई है। इसका वीडियो शुक्रवार को सामने आया। छात्रा के मोहल्ले में रहने वाले मनचले ने उसका रास्ता रोक लिया था। वह उससे छेड़छाड़ करने लगा। छात्रा ने जब विरोध किया तो उसने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। घटना वहां लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

छात्रा के पिता बोले- बेटी भागी तो पीछा कर किया हमला

मैं द्वारका नगर क्षेत्र का रहने वाला हूं। सब्जी का व्यवसाय करता हूं। मेरी 16 साल की बेटी 10 में पढ़ती है। रोजाना की तरह वह 7 दिसंबर यानी बुधवार को भी कोचिंग से घर लौट रही थी। वह बरऊ मोहल्ला होते हुए आ रही थी। वहीं हमारे मोहल्ले का रहने वाला विक्रम केवट एक्टिवा से आया। वह बेटी का रास्ता रोक कर छेड़छाड़ करने लगा। बेटी ने विरोध भी किया। फिर भी वह नहीं माना। बेटी ने भागने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने पीछा करते हुए उसे चाकू मार दिया। आरोपी ने ताबड़तोड़ चाकू से 4 वार किए। बेटी के हाथ, सीने, गले और पीठ पर वार किए हैं। इसके बाद वह भाग गया। बहादुरी दिखाते हुए बेटी ने लहूलुहान हालत में शोर मचाया। उसे बचाने के लिए मोहल्ले के लोग आए। उन्होंने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। हमें सूचना मिली, तो तुरंत आ गए। फिलहाल वह आईसीयू में भर्ती है। हालांकि हालत खतरे से बाहर है।

पहले भी करता था परेशान
छात्रा के पिता ने बताया कि आरोपी उनके मोहल्ले का ही रहने वाला है। इससे पहले भी उसने कई बार परेशान किया है। विक्रम को पहले समझाया भी था, लेकिन वह नहीं माना। आए दिन छेड़छाड़ करता था। हालांकि थाने में शिकायत तो नहीं की। सोचा- सुधर जाएगा। ऐसे शख्स को सख्त सजा दी जाए, जिससे कोई भी बदमाश ऐसी घटना नहीं करे।

सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई पूरी वारदात
छात्रा को चाकू मारने वाली पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में दिख रहा है कि आरोपी ने छात्रा से बात करने की कोशिश की। छात्रा मना करते हुए आगे चल देती है। आरोपी उसका पीछा करता है और फिर उसे चाकू मार देता है। इसके बाद आरोपी भाग जाता है। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग भी आ जाते हैं।

Share This News :