डॉक्टर के कॉन्ट्रैक्टर बेटे ने खुद को गोली मारी
ग्वालियर में आयुर्वेद डॉक्टर के बेटे ने खुद को गोली मार कर सुसाइड कर लिया। युवक ने घर की छत पर 315 बोर का कट्टा कनपटी से लगाया और ट्रिगर दबा दिया। आवाज सुनकर परिजन छत पर पहुंचे, तो बेटा लहूलुहान हालत में पड़ा था। वह गुजरात में लेबर कॉन्ट्रैक्टर था। एक महीने पहले ही काम छोड़कर आया था। फिलहाल घटना का कारण सामने नहीं आया है।
गिरवाई थाना पुलिस को दोपहर में सूचना मिली थी कि सिकंदर कंपू स्थित गोमती की फड़ी पर रहने वाले डॉ. यशपाल सिंह भदौरिया आयुर्वेदिक डॉक्टर हैं। उनके बेटे कौशल भदौरिया (30) ने घर की छत पर गोली मार ली। सूचना पर पुलिस पहुंची। यहां तीन मंजिला घर की छत पर कौशल का शव लहूलुहान हालत में पड़ा था। पुलिस के मुताबिक कौशल के हाथ में देसी कट्टा था, जिसमें एक खाली राउंड लगा था। गोली कनपटी में लगी है, जिससे गहरा घाव हो गया है। पुलिस ने कट्टा जब्त कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।
चचेरा भाई EOW में सब इंस्पेक्टर
कौशल का चचेरा भाई जीएस भदौरिया EOW में बतौर सब इंस्पेक्टर पदस्थ है। सभी लोग एक ही घर में रहते हैं। घटना का पता चलते ही वह भी पहुंच गए। पुलिस ने छत से लेकर कौशल के रूम तक की पड़ताल की है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
जिस मकान में घटना हुई, वह विवादित
कौशल के घर के आस-पास लोगों ने बताया कि जिस घर में युवक ने सुसाइड किया है, वह विवादित है। उसके घर की दीवार पर भी लिखा हुआ है कि यह घर विवादित है। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।
एक महीने पहले गुजरात से ग्वालियर लौटा था
पुलिस के मुताबिक कौशल एक महीने पहले तक गुजरात में लेबर कॉन्ट्रैक्टर का काम करता था। एक महीने पहले काम छोड़कर ग्वालियर आ गया। हालांकि उसने नौकरी छोड़ने का कारण नहीं बताया था, पर कुछ दिन से लग रहा था कि वह कुछ उलझन में है। कौशल की दो बहनें हैं, उनकी शादी हो गई है। कौशल इकलौता बेटा था।
घटना का कारण अज्ञात
गिरवाई थाने के सब इंस्पेक्टर बट्टूलाल तिवारी का कहना है कि युवक ने जिस हथियार से सुसाइड किया है, वह बरामद कर लिया है। युवक ने किन कारणों के चलते सुसाइड किया है, फिलहाल पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है।