मेले के शोरूम तैयार ; घोषणा के दो सप्ताह बाद मिलेगा छूट का लाभ
व्यापार मेला का उद्घाटन को लेकर चल रही असमंजस की स्थिति समाप्त हो गई है। मेले का उद्घाटन 7 जनवरी की शाम को छह बजे होगा। इसके साथ ही ऑटोमोबाइल सेक्टर से वाहनों की बिक्री शुरू हो जाएगी, जिसमें ग्राहकों को रोड टैक्स की छूट का लाभ भी मिलने लगेगा।
एमएसएमई मंत्रालय से निर्देश मिलने के साथ मेला प्राधिकरण ने उद्घाटन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। उधर, जिला प्रशासन के अधिकारियों की भी बैठक गुरुवार शाम को मेले की तैयारियों को लेकर आयोजित की गई।
मेले के उद्घाटन कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश के एमएसएमई मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा, प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर और उद्यानिकी मंत्री भारत सिंह कुशवाह मौजूद रहेंगे।
गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री सिंधिया के कार्यालय द्वारा पिछले सप्ताह जारी कार्यक्रम के अनुसार मेले का उद्घाटन पांच जनवरी को होना था, लेकिन अन्य अतिथियों की व्यस्तताओं के चलते इसे निरस्त कर दिया गया। गुरुवार देर शाम एमएसएमई मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा ने बताया कि मेले का उद्घाटन सात जनवरी को होगा।
घोषणा के दो सप्ताह बाद मिलेगा छूट का लाभ
प्रदेश सरकार ने व्यापार मेले में बिकने वाले वाहनों पर रोड टैक्स में 50% छूट की घोषणा 25 दिसंबर से कर दी थी। इसके बाद भी उद्घाटन को लेकर मामला अटका हुआ था। हालांकि परिवहन विभाग के अधिकारियों का कहना था कि ऑटोमोबाइल कारोबारी जब अपने शोरूम पूरी तरह से तैयार कर लेंगे, तब ही वाहनों का वेरीफिकेशन शुरू कराया जाएगा।
उधर, ऑटोमोबाइल कारोबारियों का कहना था कि शोरूम का काम 60 से 80% तक पूरा हो चुका है। थोड़ा काम बिक्री के साथ चलता रहेगा। दोनों के तर्कों के बीच ग्राहकों को छूट का लाभ सरकार की घोषणा के दो सप्ताह बाद मिलना शुरू हो पाएगा। अब यह तय हो गया है कि सात जनवरी से वाहनों की बिक्री भी शुरू करा दी जाएगी।
डीलर्स बोले- शोरूम तैयार हैं, आरटीओ भौतिक सत्यापन शुरू करे, हम डिलेवरी शुरू कर देंगे
मेले के ऑटोमोबाइल सेक्टर में ग्वालियर के प्रमुख डीलर्स के शोरूम लगभग तैयार हो चुके हैं। समर्थ सौम्या ग्रुप के चेयरमैन मुकेश अग्रवाल का कहना है कि शुक्रवार को वे अपने शोरूम में कारें डिस्प्ले के लिए लगा देंगे। आरटीओ भौतिक सत्यापन शुरू कर दे तो डिलेवरी भी शुरू कर दी जाएगी।
प्रेम मोटर्स के मैनेजिंग डायरेक्टर चरणजीत नागपाल का कहना है कि आरटीओ की तैयारी हो तो वे शुक्रवार से कारों की डिलेवरी देने के लिए तत्पर हैं। बड़ी संख्या में ग्राहक डिलेवरी के लिए रुके हैं, जो लगातार इंक्वायरी कर रहे हैं।