नशे के लिए हत्या ,दोस्तों ने युवक का सिर पत्थर से कुचला, मौत
ग्वालियर में नशे के लिए हत्या हुई है। दो नशेड़ियों ने सिर्फ 300 रुपए की स्मैक की पुड़िया के लिए अपने ही दोस्त की पत्थर से मुंह कुचल कर हत्या कर दी। सिर पर 8 से 10 वार कर हमलावर दोस्त को मरा समझकर भाग गए, लेकिन उसकी सांस चल रही थीं। गंभीर हालत में पुलिस ने उसे हॉस्पिटल पहुंचाया।
जहां रविवार दोपहर उसने दम तोड़ दिया है। घटना उरवाई गेट सिंधिया नगर की है। पुलिस ने CCTV कैमरे की मदद से हमलावरों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। हमलावरों ने खुलासा किया है कि नशे के 300 रुपए नहीं देने पर विवाद हुआ और उसके सिर पर पत्थर पटक दिए।
बहोड़ापुर थाना प्रभारी डॉ. संतोष यादव ने बताया कि शनिवार-रविवार दरमियानी रात करीब बारह बजे सूचना मिली थी कि सिंधिया नगर और उरवाई गेट के बीच एक युवक घायल पड़ा है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की तो पता चला कि घायल पर पत्थरों से हमला किया गया है। इसका पता चलते ही पुलिस अफसर भी मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल में भर्ती कराकर घायल के पहचान के लिए CCTV कैमरे खंगाले तो पता चला कि घायल सिंधिया नगर का रहने वाला नरेश कुशवाह है। इसका पता चलते ही परिजन को सूचना दी तो पता चला कि नरेश स्मैक व अन्य सूखे नशे का आदी था। इसका पता चलते ही पुलिस ने संदेहियों की तलाश में एक बार फिर CCTV कैमरे खंगाले तो पता चला कि घटना से पहले घायल के साथ दो अन्य युवक थे। जो एक्टिवा पर सवार थे। इसका पता चलते ही पुलिस ने CCTV की मदद से एक्टिवा सवारों को तलाशते हुए जनकगंज पहुंची तो पता चला कि दोनों युवक मन्नू शर्मा और अमित शर्मा हैं और दोनों ही नशे के आदी थे।
नशे में नशे के लिए की हत्या
- पुलिस ने जब पकड़े गए आरोपियों मन्नू शर्मा और अमित शर्मा को घेराबंदी कर हिरासत में लिया और उनको लेकर थाने आई। फिर पूछताछ की तो वह पुलिस को शुरू में गोल-गोल घुमाकर कहानी सुनाते नजर आए, लेकिन जब पुलिस ने उनके CCTV फुटेज दिखाए तो वह टूट गए। उन्होंने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस को बताया कि उन्होंने साथ-साथ नशा किया था, लेकिन नशे के 300 रुपए नरेश दे नहीं रहा था तो मारपीट कर उस पर पत्थर पटक दिया।
मरा समझ कर भागे
- आरोपियों ने पुलिस अफसरों को बताया कि उन्होंने जब पत्थर पटके तो नरेश जमीन पर गिर पड़ा। वह खामोश हो गया था तो उसे मरा समझकर वह वहां से भाग गए थे। बाद में पता लगा कि वह गंभीर घायल है और उसे वेंटीलेटर पर रखा गया है। जिसके बाद उन्हें लगा कि वह बच गया तो उनको सजा कम मिलेगी। पर अब उसकी मौत के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना
इस मामले में थाना प्रभारी बहोड़ापुर डॉ. संतोष यादव का कहना है कि नशे में लेनदेन पर विवाद के बाद दो युवकों ने अपने ही एक साथी की हत्या कर दी है। आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.