Home > अपना शहर ,
जिस कीचड़ में युवक के पैर धुलाए थे, रात को उसी में फंसी कार, मंत्री ने लगाया धक्का

मध्यप्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर का एक और VIDEO सामने आया है। इसमें वे कीचड़ में फंसी इनोवा कार को धक्का देते नजर आ रहे हैं। यह वही सड़क, गड्‌ढ़ा और कीचड़ है, जहां सोमवार सुबह एक समर्थक के कीचड़ से पैर गंदे होने पर मंत्री ने अपने हाथ से धोए थे। अब रात को जब मंत्री निरीक्षण के लिए पहुंचे, तो इसी कीचड़ में किसी राहगीर की कार फंस गई। अपनी कार से उतरकर मंत्री तोमर ने कार में धक्का लगाया और उसे बाहर निकलवाया। कुछ लोगों ने VIDEO बनाकर इसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।

साल 2023 चुनावी साल है। साल के अंत में विधान सभा चुनाव होने हैं। शिवराज सरकार के कई मंत्रियों की इज्जत दांव पर लगी है। विशेषकर सिंधिया समर्थक मंत्रियों को अपना वर्चस्व बनाए रखना है। ऐसे ही कट्‌टर सिंधिया समर्थक माने जाने वाले प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर आए दिन कुछ न कुछ ऐसा कर रहे हैं कि वह जनता के दिल तक पहुंचें। ऊर्जा मंत्री सड़कों के लिए चप्पल जूते पहले ही त्याग चुके थे। सोमवार सुबह जब वह मानसिक आरोग्यशाला हंसराज हॉस्पिटल के पास सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे, तो सड़क पर कीचड़ में एक समर्थक के पैर गंदे हो गए थे।

इस पर ऊर्जा मंत्री तोमर ने उसके पैर अपने हाथ से धोए थे और यह VIDEO सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस पर ऊर्जा मंत्री ने तत्काल यह सड़क निर्माण के आदेश अफसरों को दिए थे। सोमवार रात को ऊर्जा मंत्री तोमर जब वापस इसी सड़क से गुजर रहे थे, तो उन्होंने देखा कि एक इनोवा कार उसी कीचड़ में फंसी है। इस पर उनसे रहा नहीं गया और वह अपने गनर के साथ धक्का लगाने पहुंच गए। करीब 15 मिनट तक उन्होंने कार को निकालने धक्का लगाया। इसके बाद ही कार बाहर निकल सकी। अब प्रद्युम्न सिंह तोमर ने तत्काल अफसरों को इस गड्ढे को भरने के निर्देश देकर सड़क निर्माण के लिए कहा है।

पहले चर्चा थी ऊर्जा की कार कीचड़ में धंसी
सोशल मीडिया पर जब कीचड़ में धंसी कार का VIDEO वायरल हुआ तो यह चर्चा थी कि खुद ऊर्जा मंत्री की गाड़ी ही कीचड़ में फंस गई है। जब इस मामले में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर से बात की गई तो उनका कहना था वह तो वहां से गुजर रहे थे। जब उन्होंने कीचड़ में फंसी कार देखी तो मदद के लिए उतर गए। कुछ लोगों ने उसका ही VIDEO बनाकर प्रचार कर दिया।

 

Share This News :