Home > अपना शहर ,
ग्वालियर-चंबल में बारिश के आसार

मध्यप्रदेश में तीन दिन बाद हाड़ कंपा देने वाली ठंड से कुछ राहत मिल सकती है। हालांकि 22 और 23 जनवरी को ग्वालियर-चंबल संभाग में हल्की बारिश होने के आसार हैं। प्रदेश के बाकी हिस्से में बादल छा सकते हैं। ऐसे में जनवरी के आखिर में कड़ाके की ठंड का तीसरा दौर आ सकता है।

फिलहाल, पूरा प्रदेश कड़ाके की ठंड की जकड़न में है। ग्वालियर-चंबल शीतलहर से कांप रहा है। मध्यप्रदेश में सबसे ठंडा दतिया है।  रात का तापमान 2.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। ग्वालियर में न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री रहा। भोपाल में इस सीजन में जनवरी की रातें 23 साल में सबसे सर्द रहीं। इंदौर में  दिन भी कोल्ड डे के करीब रहा। प्रदेश के 47 जिलों में न्यूनतम पारा 10 डिग्री से कम है। उमरिया, चंबल, रतलाम, राजगढ़, रीवा, सतना, सागर, छतरपुर, टीकगमढ़, निवाड़ी, ग्वालियर और दतिया जिलों में कहीं-कहीं शीतलहर का असर है।

मौसम विभाग के अनुसार, आज चंबल संभाग के साथ ग्वालियर, उमरिया, रतलाम, राजगढ़, रीवा, सतना, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और दतिया में 16 से 18 घंटे/किमी की रफ्तार से सर्द हवाएं चलेंगी। चंबल संभाग के जिलों में और ग्वालियर, छतरपुर, दतिया में पाला गिर सकता है। फसलों को नुकसान से बचाने के लिए कृषि वैज्ञानिकों ने खेतों के आसपास लगातार धुआं करने की सलाह किसानों को दी है।प्रदेश में ग्वालियर-चंबल संभाग सबसे ज्यादा ठंडा है। मंगलवार को अंचल के पांच जिले शीतलहर की चपेट में रहे। यहां दो दिन से लगातार रात का पारा 5 डिग्री से नीचे है। मौसम विभाग के अनुसार, अभी दो दिन कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ेगा। ग्वालियर-चंबल संभाग के कुछ जिले शीतलहर की चपेट में रहेंगे। पश्चिमी विक्षोभ के असर से बादल छाने के कारण 20 जनवरी से तापमान बढ़ेगा। 22 और 23 जनवरी को बूंदाबांदी अंचल के कुछ जिलों में हो सकती है। इससे 25 जनवरी से फिर से कड़ाके की सर्दी का तीसरा दौर आएगा। कोहरा भी छाएगा।

Share This News :