दिग्विजय के गढ़ राघौगढ़ में 32 प्रतिशत मतदान
मध्यप्रदेश के 19 नगरीय निकायों में चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। इनमें 6 नगरपालिका और 13 नगर परिषद शामिल है। 5 जिलों के इन 19 नगरीय निकायों के 343 वार्डों में पार्षद चुनने के लिए 5 लाख से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वोटिंग के लिए कुल 720 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग शाम 5 बजे तक चलेगी।
धार में शादी के बाद दूल्हा-दुल्हन वोट डालने मतदान केंद्र पहुंचे।
धार जिले की 9 नगरीय निकायों में सुबह 7 बजे से लेकर 11 बजे तक कुल चार घंटों में अब तक 85 हजार 270 लोगों ने अपने मतों का उपयोग कर लिया है। सबसे अधिक मतदान औधोगिक नगरी पीथमपुर में 27 हजार 436 लोग वोट कर चुके है। धार नगर में 24.93 प्रतिशत, पीथमपुर में 29.43 प्रतिशत, मनावर में 31.09 प्रतिशत, धामनोद में 30.21 प्रतिशत, धरमपुरी में 35.44 प्रतिशत, कुक्षी में 31.77 प्रतिषत, डही में 34.45 प्रतिशत, राजगढ़ में 34.10 प्रतिशत, सरदारपुर में 35.25 प्रतिशत मतदान हुआ है। जिले का औसत मतदान 29.34 प्रतिशत रहा है। वहीं गुना की राघौगढ़ नगर पालिका में सुबह 11 बजे तक 32 प्रतिशत मतदान हुआ है। बता दें कि इन नगरीय निकायों के आम निर्वाचन के लिए 30 दिसंबर से नामांकन दाखिल कराए गए थे। 6 जनवरी तक नामांकन जमा हुए। 9 जनवरी तक नाम वापसी हुई। इसके बाद प्रत्याशियों की अंतिम संख्या सामने आई। 20 जनवरी यानी शुक्रवार को मतदान के बाद 23 जनवरी को चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। इससे पहले गुरुवार को सभी निकायों में मतदान दलों को रवाना किया गया। शासन ने वोटिंग के लिए इन सभी जगह सामान्य अवकाश घोषित किए हैं। इस मर्तबा भाजपा व कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी के अलावा पार्टी से रुठे हुए नेता निर्दलीय के रुप में मैदान में है। गत दिनों भाजपा ने जहां 48 नेताओं को पार्टी से निष्कासित भी कर दिया था, इसके बाद भी निर्दलीय दोनों प्रमुख पार्टियों को कड़ी टक्कर धार शहर में दे रहे है। जिले के 2 लाख 90 हजार मतदाता अपने मतों का उपयोग करने के लिए पूरे दिन में बूथों पर पहुंचेंगे।