दिग्गी के राघौगढ़ पर कांग्रेस का कब्जा बरकरार:19 नगरीय निकायों में 11 पर बीजेपी, 8 पर कांग्रेस जीती
मध्यप्रदेश के 5 जिलों के 19 नगरीय निकायों में चुनाव की काउंटिंग पूरी हो गई है। इनमें से 11 पर भाजपा और 8 पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। 4 नगर पालिका व 7 नगर परिषद में भाजपा का कब्जा हो गया है। कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के गढ़ राघौगढ़ और पीथमपुर में नगर पालिका में जीत दर्ज की है। जबकि 6 नगर परिषद में भी कांग्रेस को जीत मिली है।
कांग्रेस ने राघौगढ़ नगर पालिका में 16 वार्डों में जीत हासिल की है। जबकि भाजपा को 8 वार्डों में जीत मिली है। यहां पर कुल 24 वार्डों के लिए मतदान हुआ था। ओंकारेश्वर में भाजपा की नगर सरकार बनेगी। 15 में से 9 में भाजपा तो 6 में कांग्रेस जीती है। मंत्री प्रेम सिंह पटेल और राज्यसभा सांसद सुमेर सिंह सोलंकी के गढ़ बड़वानी में भी भाजपा ने जीत हासिल की है। यहां शुरुआती दौर में भाजपा पीछे थी। सोलंकी व लोकसभा सांसद गजेंद्र पटेल के वार्ड 9 में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है। कांग्रेस नेता व पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन के क्षेत्र राजपुर में भी भाजपा ने जीत दर्ज की है।
धार जिले के पीथमपुर नगर पालिका में कांग्रेस ने कब्जा कर लिया है। यहां धार विधायक नीना वर्मा के पति व भाजपा के दिग्गज नेता विक्रम वर्मा की साख दांव पर थी। यहां पार्टी को अपने ही बागियों से बड़ा नुकसान पहुंचा। बड़वानी जिले के सेंधवा में भी भाजपा ने कब्जा जमा लिया है। खंडवा जिले के ओंकारेश्वर में भाजपा की नगर सरकार बनेगी। मध्यप्रदेश में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले ये आखिरी निकाय चुनाव है। ऐसे में दोनों प्रमुख सियासी दल भाजपा और कांग्रेस के बड़े नेताओं ने भी अपनी ताकत लगा दी थी।बड़वानी के 24 वार्डों में से 14 पर भाजपा और 10 पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। यह क्षेत्र प्रदेश के कैबिनेट मंत्री प्रेम सिंह पटेल व राज्यसभा सांसद सुमेर सिंह सोलंकी का गढ़ है। पटेल की भांजा बहू अश्विनी भी जीत गई हैं। खरगोन लोकसभा सांसद गजेंद्र पटेल भी इसी इलाके से आते हैं। यहां भाजपा के लिए चौंकाने वाला परिणाम वार्ड 9 में रहा। जहां से भाजपा के लोकसभा और राज्यसभा सांसद आते हैं। हालांकि बड़वानी नगरपालिका सीट पर पिछली बार कांग्रेस ने जीत हासिल की थी। इस बार भाजपा जीती है। इस लिहाज से पार्टी का ओवरऑल परफॉर्मेंस बेहतर हुआ है।पीथमपुर नगर पालिका पर कांग्रेस ने कब्जा जमाया है। 17 वार्डों में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है, वहीं भाजपा को 12 वार्डों में जीत मिली है। इस नगर पालिका में भाजपा का कब्जा था। कांग्रेस ने ये सीट भाजपा से छीन ली है। पिछली बार यहां भाजपा के 22 पार्षद थे। इस बार 10 कम हो गए। इस लिहाज से पीथमपुर में भाजपा को झटका लगा है।
राजगढ़ नगर परिषद में कांग्रेस का कब्जा
धार जिले की राजगढ़ नगर परिषद में कांग्रेस ने कब्जा जमाया है। यहां पर कांग्रेस के 9 तो भाजपा के 4 उम्मीदवार जीते हैं।